Uncategorized

बदहाल सड़कों को लेकर गीदम में चक्काजाम, एक घंटे तक बंद रहा आवागमन

दंतेवाड़ा-गीदम NH-163A और जगदलपुर-बीजापुर NH-63 की बदहाल सड़क और गड्ढों को लेकर गुरुवार को व्यापारियों और ड्राइवर संघ ने चक्काजाम कर दिया। बारिश के बीच सड़क पर ट्रक खड़ा कर करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे गीदम-दंतेवाड़ा मार्ग पर आवागमन बंद रहा।

चक्काजाम का असर बीजापुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-63 पर भी पड़ा और हारम तिराहे के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से सड़क की हालत और खराब हो गई है। वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।

शहरवासियों और व्यापारियों ने सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि लंबे समय से परेशानी के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शन में शामिल व्यापारी संदीप निर्मलकर ने बताया कि खराब सड़क के कारण एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया था। इसके बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से व्यापारियों और ड्राइवरों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

वहीं ड्राइवर संघ के सदस्य मनीष पांडेय ने कहा कि खराब सड़क की वजह से हमें काफी परेशानी होती है। यदि जिम्मेदारों ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आगे फिर आंदोलन किया जाएगा।

गीदम से लगे हारम में NH-163A के किमारे सड़क के दोनों ओर बनी नालियां भी जाम पड़ी हैं। बारिश का पानी और नालियों का गंदा पानी सड़क के गड्ढों में जमा हो रहा है। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल लोगों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने नालियों की सफाई कराने की मांग भी की।

व्यापारी संदीप निर्मलकर ने कहा कि सड़क किनारे जाम पड़ी नालियों की सफाई के लिए भी कई बार सरपंच से भी कहा गया है। हालांकि, अभी स्थिति नहीं सुधरी है।

चक्काजाम के करीब एक घंटे बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात की और उनका ज्ञापन लिया। उन्होंने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद चक्काजाम खत्म कर दिया गया।

चक्काजाम खत्म होने के कुछ देर बाद ही सड़क के गड्ढे के कारण एक कार अनियंत्रित हो गई। कार बाइक की ओर बढ़ गई। इसी दौरान बाइक सवार भी गड्ढे की वजह से गिर गया और कुछ देर के लिए बेसुध हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और जल निकासी से जुड़ी समस्या को लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। तहसीलदार पूनम ठाकुर ने दैनिक भास्कर से कहा कि, जिन लोगों ने चक्का जाम किया था उनसे ज्ञापन प्राप्त हुआ है। बारिश के बाद खराब सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button