दवा समझकर कीटनाशक पीने से किसान की मौत, कोनी पुलिस ने कायम किया मर्ग

बिलासपुर जिला मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर लोफंदी गांव में दवा समझकर कीटनाशक पीने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। कोनी टीआइ जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि ग्राम लोफंदी देवांगन पारा में रहने वाले राजकुमार पटेल (55) किसान थे। शनिवार सुबह उन्होंने घर में रखे कीटनाशक को दवा समझकर पी लिया।
स्वजन ने बताया कि एक हादसे में राजकुमार पटेल की आंखों की रोशन चली गई थी। इसके बाद से वे घर पर ही रहते थे। कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और इसका इलाज कराया जा रहा था। स्वजन ने घर पर उनकी दवाएं लाकर रखी थीं।
शनिवार की सुबह राजकुमार पटेल ने दवा समझकर कीटनाशक पी लिया। कुछ देर बाद मुंह कड़वा लगने और सीने में जलन होने पर उन्होंने स्वजन को इसकी जानकारी दी। तब स्वजन ने दवा के पास देखा तो वहां कीटनाशक का डिब्बा भी रखा था। इसके बाद परिवार के लोग तत्काल उन्हें उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे।
सिम्स में भर्ती करने के बाद करीब दो घंटे तक राजकुमार पटेल की स्थिति सामान्य रही। डाक्टर उनका इलाज कर रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली और मर्ग कायम कर लिया है। कोनी पुलिस ने शव का पीएम कराया है और फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि राजकुमार पटेल किसान परिवार से थे और घर में खेती-किसानी से संबंधित कीटनाशक रखा हुआ था। इसी कीटनाशक को उन्होंने दवा समझकर पी लिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कीटनाशक किस स्थान पर रखा था और राजकुमार पटेल ने उसे किस परिस्थिति में दवा समझ लिया।
राजकुमार पटेल की जिंदगी में यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। करीब दो साल पहले फरवरी 2025 में उन्होंने जहरीली शराब पी ली थी। इसके बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। रायपुर में उनका उपचार कराया गया, लेकिन आंखों की रोशनी वापस नहीं आ सकी। इसके बाद वे दृष्टिबाधित होकर जीवन गुजार रहे थे। परिवार के अनुसार वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में स्वजन की मदद लेते थे। अब गलती से कीटनाशक पीने की घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल स्वजन के बयान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस स्वजन के बयान दर्ज कर रही है और साथ ही मर्ग जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
लोफंदी में दो साल पहले जहरीली शराब पीने से आठ ग्रामीणों की मौत का मामला सामने आया था। छह फरवरी को दो, सात फरवरी को पांच और आठ फरवरी को एक ग्रामीण ने दम तोड़ा था। मृतकों में देवकुमार पटेल, उनके बड़े भाई कन्हैया पटेल, कोचिए कोमल लहरे, बलदेव पटेल, शत्रुहन देवांगन, कोमल देवांगन, रामू सुनहले और बुधराम पटेल शामिल थे।
ग्रामीणों ने मौत की वजह जहरीली शराब बताई थी। वहीं प्रशासन ने इससे इन्कार करते हुए एक मौत सर्पदंश, तीन हार्ट अटैक और चार मौतें विवाह समारोह में फूड प्वाइजनिंग से होने की बात कही थी। छह शवों का बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार हो गया था।




