मॉर्निंग वॉक में लोगों से मोबाइल छीनने वाला गिरफ्तार:2 आरोपी पकड़े गए, 5 मोबाइल और चोरी की एक्टिवा जब्त

![]()
रायपुर में चोरी की एक्टिवा से मोबाइल छीनने वाले एक युवक और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने सरस्वती नगर इलाके में मोबाइल छीनने की 2 वारदातों के साथ मोबाइल चोरी की 3 अन्य घटनाओं को अंजाम देना भी कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है। मॉर्निंग वॉक और कॉलेज जाते समय झपटा मोबाइल पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की सुबह कोटा की उन्नति ठाकुर मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। दिशा कॉलेज रोड पर रेयांश किचन के सामने ग्रे रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया। इसी दिन सुबह चौबे कॉलोनी के युवराज मेहर कॉलेज जा रहे थे। उसी इलाके में दो युवकों ने उनका मोबाइल भी इसी तरीके से छीन लिया। दोनों मामलों में सरस्वती नगर थाने में केस दर्ज किया गया था। मेडिकल कॉलेज की पार्किंग से चुराई थी एक्टिवा स्नेचिंग में इस्तेमाल की गई एक्टिवा CG 04 KS 6757 भी चोरी की निकली। पुलिस के अनुसार, यह एक्टिवा 21 जुलाई को मेडिकल कॉलेज की पार्किंग से चोरी हुई थी। मामले में मौदहापारा थाने में एफआईआर दर्ज थी। पुलिस ने जब दोनों स्नेचिंग की घटनाओं के CCTV फुटेज खंगाले तो उसमें इसी चोरी की एक्टिवा का इस्तेमाल दिखाई दिया। इसके बाद तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। एमजी रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस टीम को सूचना मिली कि चोरी की एक्टिवा पर दो युवक एमजी रोड इलाके में घूम रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम वरुण साहू (23) निवासी राम नगर, गुढ़ियारी बताया। दूसरा नाबालिग है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने एक्टिवा चोरी करने और इसी वाहन से मोबाइल स्नेचिंग की दो घटनाओं समेत 3 अन्य मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। 5 मोबाइल और एक्टिवा बरामद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। तीन अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। यह कार्रवाई डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और एसीपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
Source link




