मुंगेली पुलिस ने एक नाबालिग बालिका की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को बंद कराया है। बालिका ने 10 अक्टूबर 2025 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फेक आईडी चला रहा है, जिससे वह परेशान है।
.
शिकायत मिलने के बाद मुंगेली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम ने बालिका के साथ साइबर सेल जाकर इंस्टाग्राम पर उस फर्जी आईडी की रिपोर्ट की, जिसके बाद उसे तत्काल बंद कर दिया गया।
बालिका ने बताया कि वह मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान ‘पहल’ से प्रभावित होकर शिकायत दर्ज कराने का साहस जुटा पाई। इस त्वरित कार्रवाई के लिए बालिका और उसके परिजनों ने मुंगेली पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस कर रही जन-जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा संचालित ‘पहल’ अभियान के तहत लगातार स्कूल, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थानों और हाट बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में साइबर धोखाधड़ी, यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है।
मुंगेली पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, स्नैपचैट और टेलीग्राम आईडी को प्राइवेट रखें और टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करें। साथ ही, किसी भी अनजान लिंक या .apk फाइल को डाउनलोड करने से बचें और साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षित व जागरूक रहें।
<
