![]()
.
राष्ट्रीय लोक अदालतें भारतीय संविधान में निहित समान न्याय की अवधारणा को साकार करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी हैं। पिछली नौ राष्ट्रीय लोक अदालतों के दौरान कुल 2 करोड़ 27 लाख 18 हजार 454 मामलों का निपटारा किया गया है। छत्तीसगढ़ लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पांच राज्यों में स्थान प्राप्त करता रहा है। यह बातें चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने गुरुवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, सभी न्यायिक अधिकारियों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में गुरुवार को दूसरी राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चीफ जस्टिस और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक रमेश सिन्हा ने राष्ट्रीय लोक अदालतों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों, परिवार न्यायालयों के न्यायाधीशों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स को सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में राष्ट्रीय लोक अदालत प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए उपलब्धियों की समीक्षा और प्रदर्शन का मूल्यांकन करना था।
सह-अध्यक्षता राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस संजय के. अग्रवाल और हाई कोर्ट विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष जस्टिस प्रार्थ प्रतीम साहू ने की। जस्टिस संजय के. अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव ने किया। सम्मेलन में जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास, जस्टिस सचिन सिंह राजपूत, जस्टिस राकेश मोहन पांडेय, जस्टिस संजय कुमार जायसवाल, जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल, जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा, जस्टिस बिभु दत्ता गुरु और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद उपस्थित रहे।
इसके अलावा रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारी समेत जिलों से आए न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सीजे सिन्हा ने उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, परिवार न्यायालयों के न्यायाधीशों तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। साथ ही, 16 दिसंबर 2023 की राष्ट्रीय लोक अदालत, वर्ष 2024 में 4 राष्ट्रीय लोक अदालतों और वर्ष 2025 में 4 राष्ट्रीय लोक अदालतों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया। दीप प्रज्जवलित करते सीजे रमेश सिन्हा।
<
