Uncategorized

कोरबा: मोबाइल के लिए 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार में मातम

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह घटना दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्या पुरी में 31 अक्टूबर की रात को हुई, जहां मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच कहासुनी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या पुरी निवासी शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता बकरे का कारोबार करते हैं। सानिया और उसके भाई के बीच 31 अक्टूबर की रात को घर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर विवाद हो गया था।

विवाद बढ़ने पर सानिया की मां ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों से मोबाइल फोन छीनकर छिपा दिया और कहा, ‘तुम लोग मोबाइल के चक्कर में लड़ते रहते हो, इसलिए किसी को मोबाइल नहीं दूंगी। ‘ मां के इस फैसले से सानिया काफी नाराज हो गई।

मां की बात से नाराज होकर सानिया घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई, तो उसके पिता ने टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया।

दरवाजा तोड़ने पर परिजनों ने देखा कि सानिया अंदर फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस ने सानिया के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है।

इस दुखद घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सानिया की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में भी अच्छी थी, जिससे इस घटना पर सभी को गहरा सदमा लगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button