Uncategorized

कलेक्टर अजीत वसंत ने मैनपाट विकासखंड के स्कूलों का किया निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था सुधार के दिए निर्देश

कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को मैनपाट विकासखंड का दौरा कर शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरभंजा, कुदारीडीह स्कूल और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सरभंजा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।

सरभंजा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीईओ को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी और निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने को कहा।

हाई स्कूल सरभंजा में पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। वाटर कूलर का कनेक्शन शीघ्र चालू करने, बोरवेल दुरुस्त करने और बालिकाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था सुधारने के निर्देश प्राचार्य को दिए।

कुदारीडीह में शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए 45 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा। प्राथमिक शाला में बच्चों के लिए खेल सामग्री और कैरम बोर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एकलव्य आवासीय विद्यालय में कलेक्टर ने छात्रावास, शयन कक्ष, पेयजल और स्वच्छता का निरीक्षण किया। छात्रावास में नियमित साफ-सफाई, दिन में खिड़कियां खुली रखकर वेंटिलेशन बनाए रखने और विद्यार्थियों के कपड़ों की धुलाई के लिए रोस्टर बनाने के निर्देश दिए।

खराब वाटर प्यूरीफायर को एक माह के भीतर दुरुस्त कर स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने को कहा। एसडीएम और तहसीलदार को नियमित निरीक्षण कर निगरानी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिदिन 30 मिनट योग और नियमित खेलकूद गतिविधियां कराने को कहा। नशे से बचाव के लिए काउंसलिंग पर विशेष जोर देते हुए विद्यालय के आसपास नशीले पदार्थों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और एनकॉर्ड के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और कॅरियर काउंसलिंग कराने को कहा, ताकि वे अपनी रुचि के अनुसार भविष्य तय कर सकें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामराज, तहसीलदार उमेश बाज और जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button