Uncategorized

पूछने पर भड़का पति, ‘आज तुम्हें जान से मार दूंगा’ कहकर पत्नी के सिर पर किए वार

जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति करम साय तिर्की को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना मामूली बात पर हुए विवाद के बाद हुई थी, जिसमें पीड़िता को गंभीर चोटें आई थीं। जशपुर पुलिस द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

समाचार फोटो

मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए बताया गया कि 04 अगस्त 2026 को प्रार्थी जयराम तिर्की (32 वर्ष), निवासी ग्राम झक्कड़पुर, ने पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 03 अगस्त 2026 की रात करीब 10:00 बजे उसके पिता सुखसाय तिर्की ने उसे फोन पर सूचना दी कि उसके भाई करम साय तिर्की ने अपनी पत्नी नबिना तिर्की के सिर पर मोटरसाइकिल के चक्के का नट खोलने व कसने में उपयोग होने वाले लोहे के रिंग पाना से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही प्रार्थी तत्काल घर पहुंचा, जहां उसने देखा कि उसकी भाभी नबिना तिर्की के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और खून निकल रहा था।

प्रार्थी को उसके पिता सुखसाय तिर्की ने बताया कि घटना के समय आरोपी करम साय अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान जब उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछा कि वह क्या खोज रहा है, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने नबिना को धमकी देते हुए कहा, “तुम पूछने वाली कौन होती हो, आज तुम्हें जान से मार दूंगा।” ऐसा कहते हुए आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे के रिंग पाना से अपनी पत्नी के सिर पर लगातार तीन बार वार कर दिया, जिससे उसके सिर में तीन जगह गंभीर चोटें आईं। घायल पीड़िता को तत्काल उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 109(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें उसे गंभीर प्रकृति की चोटें आना लेख किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रार्थी, पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया।

घटना दिनांक 03 अगस्त 2026 से ही आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान, 30 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल ग्राम झक्कड़पुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी करम साय तिर्की को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी करम साय तिर्की से पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्यवाही जारी है।

इस पूरे मामले की कार्यवाही और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव और प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button