Uncategorized

जशपुर में भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की बैठक संपन्न

भारतीय जनता पार्टी, जिला जशपुर द्वारा “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान को लेकर जिला कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिला कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर गहन चर्चा की गई। अभियान के तहत एक प्रमुख कार्यक्रम के रूप रूप में 4 नवंबर को जशपुर में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसका लक्ष्य लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और जनजागरण का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाना है।

समाचार फोटो

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल ने कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनादेश, संवैधानिक मर्यादा और जनता के विश्वास के प्रति जवाबदेही का नाम है। चंदेल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसके संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मतदाता सूची की शुद्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनसंवाद को भी आवश्यक बताया।

जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर पर सक्रियता, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा में कार्यक्रमों को पूरा करने पर विशेष जोर दिया। सुल्तानिया ने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के बीच निरंतर संवाद पर निर्भर करेगी।

समाचार फोटो

अभियान के अंतर्गत विशाल पदयात्रा के साथ-साथ कई अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इनमें राष्ट्र चिंतन, प्रबुद्धजनों से संवाद, युवा एवं छात्र संवाद, विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिताएं, प्रमुख नागरिकों के साथ चर्चा और सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं, चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिकों की भूमिका से जुड़े विषयों पर जनसंवाद को व्यापक बनाने की तैयारी है। बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान के संदेश को प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।

बैठक की प्रस्तावना एवं स्वागत भाषण जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने प्रस्तुत किया, जबकि इसका संचालन जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने किया। अंत में जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

समाचार फोटो

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, बलरामपुर जिला संगठन प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, नपा अध्यक्ष प्रभात सईदानपा उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष सुशीला साय, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक के अंत में भाजयुमो जशपुर के पूर्व मंडल अध्यक्ष अभ्युदय मिश्रा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक के पश्चात पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया एवं भाजपा पदाधिकारियों ने अभ्युदय मिश्रा के निवास पहुंचकर शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button