Uncategorized

सामाजिक बहिष्कार की शिकायत पर पांच माह से कार्रवाई नहीं, पीड़ित ने जताई नाराजगी

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव मोहदा में सामाजिक बहिष्कार के एक मामले ने प्रशासनिक अनदेखी को उजागर किया है। गांव निवासी संतोष कुमार साहू (57) बीते पांच महीनों में तीन बार कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सामाजिक बहिष्कार की लिखित शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित के अनुसार, मार्च 2023 में नवधा रामायण के चंदे को लेकर गांव के कुछ लोग उनके पास पहुंचे और ढाई हजार रुपये की मांग की। माली हालत ठीक न होने की वजह से वे चंदा नहीं दे पाए थे। उन्होंने बताया कि उस दौरान बीमारी और आर्थिक तंगी के चलते चंदा न दे पाने पर ग्रामीणों ने उनका और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया।

पीड़ित के मुताबिक, उनसे बात करने वालों पर 2500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया और खेत जुताई तक रोक दी गई। रतनपुर थाने में शिकायत के बाद जब कोई कदम नहीं उठाया गया, तो पीड़ित ने 13 जुलाई को पुलिस अधीक्षक और 28 जुलाई को कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाई।

इसके बावजूद गांव के दबंग खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश प्रसारित कर प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन और आरटीआई के जरिए जानकारी मांगने के बाद भी जांच रिपोर्ट ठंडे बस्ते में है।

पांच माह से न्याय के लिए भटक रहे पीड़ित ने अब जिला प्रशासन से मामले में तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button