बास्तानार घाट पर ट्राला-पिकअप भिड़ंत, कोड़ेनार पुलिस और राहगीरों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला
छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर बास्तानार घाट पर ट्राला और पिकअप के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई है। हादसे के बाद ट्राला सड़क पर पलट गया, जिसका ड्राइवर अंदर फंस गया। कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना प्रभारी विजय पटेल पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। राहगीरों के साथ मिलकर पुलिस की टीम ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल कुछ लोगों को अस्पताल भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बास्तानार घाट पर हुए इस हादसे में ट्राला जगदलपुर से गीदम की तरफ आ रहा था, वहीं पिकअप गीदम की तरफ से जगदलपुर की तरफ जा रही थी। इसी बीच घाट पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने से टक्कर हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। NH-63 के बीच हादसा होने की वजह से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस मौके पर यातायात बहाल कराने और राहत कार्य में जुटी। जिसके बाद एक-एक कर वाहनों को निकाला गया।
इस मामले में थाना प्रभारी विजय पटेल ने बताया कि जो ट्राला ड्राइवर फंसा था उसे बाहर निकाल लिया गया है। गंभीर रूप से घायल है। जिसे अस्पताल रेफर किया गया है। मार्ग भी बहाल हो गया है।



