![]()
नवा रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम। दोपहर बाद ही यहां क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई, लेकिन शाम 4 बजते-बजते मानो जनसैलाब उमड़ पड़ा। क्रिकेट प्रेमियों के इस उत्साह में मौसम ने खलल डालने का प्रयास जरूर किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। बारिश के बावजूद दोगुने उत्साह के साथ बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में डटे रहे। हालांकि बारिश के कारण आउटफील्ड गीला हो गया और इसे सुखाने में करीब एक घंटे का समय लगा। मौसम बदलते ही स्टेडियम के बाहर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। तेज बारिश के बीच लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए भागते नजर आए। आखिरकार रात 8:30 बजे टॉस हुआ और करीब पौने 9 बजे के आसपास पहली पारी की शुरुआत हुई। अंदर रेट तीन गुना, पानी बॉटल की कीमत 100 रु. स्टेडियम के भीतर खाने-पीने का सामान तीन गुना अधिक कीमत पर बिकता रहा। यही कारण है कि पहली पारी समाप्त होते ही लोग बाहर की ओर आए। हालांकि लोगों को बाहर आने के बाद भीतर जाने की अनुमति नहीं थी। यही कारण है कि लोग सुरक्षा घेरा से ही स्टेडियम के बाहर मौजूद वेंडर से सामान खरीदते रहे। स्टेडियम के भीतर 100 रुपए में पानी बोतल, 100 रुपए में दो समोसे, पिज्जा 300 रुपए और पॉपकॉर्न भी 100 रुपए के दाम में बेचे गए।
<
