विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक-56 के प्रतिनिधि मंडल ने प्रबंध निदेशक से की मुलाकात, पदोन्नति पर चर्चा

विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक-56 के प्रदेश अध्यक्ष राम इकबाल सिंह की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल ने प्रबंध निदेशक उत्पादन संजीव कुमार कटियार से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने संयंत्र में कार्यरत बचे हुए कर्मचारियों की पदोन्नति के मुद्दे पर चर्चा की, जिनकी पदोन्नति संयंत्र सहायक-दो (मेकेनिकल) से संयंत्र सहायक-एक (मेकेनिकल) के पद पर शेष है।
इस पर प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार ने अतिशीघ्र बचे हुए कर्मियों की भी पदोन्नति आदेश की कार्यवाही को पूरा करने का भरोसा दिया। इसके अलावा अनुकंपा नियुक्ति और भूमि अधिग्रहण से नियुक्त हुए कर्मियों के पदोन्नति के विषय में भी चर्चा की गई।
कटियार ने बताया कि जिन कर्मचारियों की पदोन्नति अभी तक नहीं हुई है और जिनकी अर्हता पूर्ण हो चुकी है, उनके पदोन्नति की कार्यवाही चालू है। साथ ही, कार्यालय में कार्यरत स्टाफ की भी पदोन्नति की कार्यवाही समान रूप से क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र बचे हुए कर्मियों के भी पदोन्नति आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।
यहां यह बताना उल्लेखनीय है कि विद्युत क्षेत्र में 42 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले कटियार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में वित्त वर्ष 2023-24 में अटल बिहारी वाजपेई ताप विद्युत गृह मड़वा के प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 84.4 प्रतिशत करना शामिल है।
इसके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी 33 राज्य जनित निगमों में प्रथम स्थान पर रही। इसी तरह कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में जटिल स्टेशन नियंत्रण एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण का कार्य महज 46 दिनों में पूरा किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राम इकबाल सिंह के साथ प्रांतीय जोनल सचिव जितेंद्र कुमार पाण्डेय, प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव क्रांति पटेल, कार्यालय सचिव सहदेव दास, शरद सोनी, वर्मा आदि सदस्य उपस्थित रहे।




