छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाने पहुंचे जमानत पर रिहा तीन युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में बीच-बचाव कर रहे दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के
.
घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है। गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे वार्ड क्रमांक 24 स्थित खेल मैदान में कुछ दिन पहले हुए मारपीट के मामले में मुचलके पर रिहा हुए आरोपी एक स्कूटी से पहुंचे। आरोपियों ने पीड़ित चुम्मन ठाकुर को एफआईआर वापस लेने के लिए धमकाते हुए चाकू दिखाया।
इसी दौरान बीच-बचाव के लिए सामने आए नारायण नेताम (29) और अंकित यादव (25) पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारा गया। जिससे खेल मैदान में अफरा-तफरी मच गई।

पेट में फंसा चाकू निकाला गया
घायल नारायण नेताम को आनन-फानन में दल्लीराजहरा अस्पताल ले जाया गया। जहां पेट में फंसे चाकू को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बालोद लेकर पहुंचे। लेकिन वहां भी पेट और कमर से लगातार खून बहता रहा। डॉक्टरों ने काफी प्रयास के बाद खून का रिसाव रोका, हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।
ऑपरेशन जरूरी, इसलिए किया रेफर
डॉक्टरों के अनुसार, नारायण नेताम के शरीर में चाकू गंभीर जगह पर लगा है और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता है, इसी वजह से उसे हायर सेंटर भेजा गया।

एफआईआर वापस लेने बना रहे थे दबाव– घायल
घायल नारायण नेताम ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते तीन युवक लगातार एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान अचानक चाकू निकालकर मुझ पर और अंकित यादव पर हमला कर दिया गया। अंकित के हाथ और पैर में चाकू लगा है, जबकि नारायण की पीठ में रीड की हड्डी के पास चोट आई है। बाद में चाकू पेट में फंस गया।
आरोपियों की तलाश जारी- टीआई
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि जमानत पर रिहा आरोपी पीड़ित को धमकाने पहुंचे थे। इस दौरान चाकूबाजी की घटना हुई है। मामले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

<
