राजधानी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
.
पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है, कि “मैं अपनी बीबी-बच्चों के बिना नहीं रह सकता, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं।”

मृतिका रेखा गुप्ता।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान राजेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। रायपुर के चंडी नगर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। वह वेल्डिंग का काम करता था। पत्नी का नाम रेखा गुप्ता बताया गया है।

खम्हारडीह थाना इलाके में पति ने पत्नी की हत्या की।
घर में पत्नी को मारा, लाभांडी पहुंचकर ट्रेन के सामने कूदा
पुलिस जांच में सामने आया कि राजेंद्र ने पहले घर में पत्नी रेखा की हत्या की। इसके बाद वह लाभांडी इलाके में रेलवे पटरी पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी रमाकांत साहू, तेलीबांधा और खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सुसाइड नोट में राजेंद्र ने लिखा है कि वह अपनी पत्नी और बच्चों से बहुत प्यार करता था और उनके बिना जिंदगी संभव नहीं है। उसने अपने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी अपने परिजनों को सौंपने की बात भी लिखी है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर लिया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
<
