छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पहल पर HC के न्यायाधीशों और स्टाफ ने बस्तर के बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए अपने एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री सहायता कोष में दान किया है। कुल 26.40 लाख रुपए की राशि जमा की गई है।
.
बस्तर संभाग में आई प्राकृतिक आपदा ने अनेक परिवारों को प्रभावित किया है। इस विपदा की घड़ी में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया गया कि न्यायाधिपति और न्यायिक अधिकारी एक दिन का वेतन दान करेंगे।

ये तस्वीर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की है। (फाइल फोटो)
इस योगदान में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, जिला न्यायपालिका के न्यायिक अधिकारीगण और कई विभागों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। कुल 26,40,506 रुपए की राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष, छत्तीसगढ़ शासन में जमा की गई है।
न्यायपालिका संवैधानिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय रही है। यह पहल अन्य संस्थानों और नागरिकों को भी प्राकृतिक आपदा से पीड़ित परिवारों की सहायता में सहभागी बनने के लिए प्रेरित कर सकती है।
<
