![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेट्रोल और डीजल की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के लिए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने नए निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत अलग-अलग प्रकार के वाहनों के लिए ईंधन की बिक्री की मात्रा निर्धारित की गई है। जारी आदेश के अनुसार, बड़े वाहनों को अधिकतम 100 लीटर, कारों को 20 लीटर और मोटरसाइकिलों को 2 लीटर तक ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले पंप संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जनशिकायतों की समीक्षा की कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभागवार जन शिकायतों और समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें टीएल सूची से हटा दिया जाए। कलेक्टर ने अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और पेड़ कटाई की शिकायतों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। तीन दिन में पूरा होगा धान उठाव धान उठाव की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खाद्य, सहकारिता और मार्कफेड विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बची हुई समितियों से तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत धान उठाव पूरा किया जाए। बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश बैठक में कलेक्टर ने जिले में लगातार और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजमेढ़गढ़ और ठाडपथरा क्षेत्र में आकाशीय बिजली से मरे मवेशियों और बकरियों के प्रकरण तैयार कर पीड़ितों को मुआवजा राशि दिलाने के निर्देश दिए। पीएम आवास जल्द पूरा करने के निर्देश प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे 244 निर्माणाधीन आवासों को 30 जून तक पूरा करने और 12 शुरू नहीं हुए आवासों का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। तहसीलदारों को नियमित सुनवाई के निर्देश कलेक्टर ने तहसीलदारों से नियमित रूप से कोर्ट में बैठकर राजस्व मामलों की सुनवाई करने को कहा। साथ ही सुशासन तिहार के शिविरों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने पर जोर दिया। खरीफ फसलों की तैयारी शुरू आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने खाद और बीज के भंडारण व वितरण की तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी और किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन कराने को कहा। सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा वन विभाग में लंबित मजदूरी भुगतान और कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय पर तैयार करने को भी कहा। लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर बैठक में श्रम और उद्योग विभाग के अधिकारियों को श्रमिक कल्याण से जुड़े मामलों का जल्द निराकरण करने और सभी लंबित प्रकरणों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए गए।
<
