Uncategorized

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का जुलूस, कोर्ट परिसर में भीड़ ने की पिटाई और स्याही फेंकी

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में गायों के कटे सिर मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार शाम को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक नाबालिग लड़की समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है और पुलिस फिलहाल इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा ने अपनी पत्नी, बेटी और बाकी साथियों के साथ मिलकर गोवंशों की हत्या कर उनका मांस बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए गायों के कटे सिर शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंके गए थे। पुलिस ने घटना में 2 सुत्ता, एक धारदार चाकू और एक स्कूटी जब्त की है।

दरअसल, 12 अक्टूबर को निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास और 14 अक्टूबर को गौरीनगर के शीतला तालाब के पास गाय का कटा सिर मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर जुट गए। उन्होंने मानव मंदिर चौक पर गाय के कटे सिर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद नाराज लोगों और वार्डवासियों ने कोतवाली थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी थाने के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।

गौरीनगर के पार्षद हफीज खान भी मामले की शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। नवरात्रि के दौरान हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें देर रात कुछ संदिग्ध लोग सड़क पर बैठे मवेशियों को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने गौरीनगर के रहने वाले अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, उसकी पत्नी और बेटी की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी अब्दुल अलीम ने अपनी पत्नी, बेटी और बाकी साथियों के साथ मिलकर गायों को हलाल करने, उनका मांस बेचने और पहचान छिपाने के लिए कटे सिर शीतला तालाब और अंडरब्रिज के पास फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का जुलूस निकाला गया और बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, नाबालिग लड़की को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

कोर्ट से बाहर लाते ही आरोपियों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने ‘फांसी दो-फांसी दो’ के नारे लगाए। आरोपियों को गाड़ी में बैठाने के दौरान भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान गुस्साए लोगों ने आरोपियों की पिटाई कर दी और उनके ऊपर स्याही भी फेंकी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button