गरियाबंद में पत्नी की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति हिरासत में


छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक पति ने अपनी पत्नी को बेल्ट से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी पति पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। यह मामला शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जरीडीही का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राम कुमार नेताम (37) को अपनी पत्नी मोनिका बाई नेताम के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर 20 सितंबर 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद राम कुमार ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी राम कुमार नेताम ने पत्नी मोनिका बाई नेताम को लात-घूंसों से मारा और फिर बेल्ट से पीटता रहा। इस मारपीट से महिला को गंभीर चोटें आईं। महिला के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक चोट के निशान हैं।
गंभीर चोटों के कारण महिला की हालत बिगड़ती गई और 21 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे उसकी मौत हो गई। मृतका मोनिका बाई नेताम (32) थी।
महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद शोभा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार नेताम को हिरासत में ले लिया है। मामले में परिजनों और पड़ोसियों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल कर रही है।
शुरुआती तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजनों और पड़ोसियों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




