महासमुंद44 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नशे की आदतों से परेशान होकर बेटे की हत्या, पिता ने शव बोरी में भरकर कुएं में फेंका
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 3 अलग-अलग मर्डर हुए हैं। पहले मामले में पिता और छोटे बेटे ने मिलकर बड़े बेटे को मार डाला। वह शराब का आदी थी, नशे में मारपीट करता था, इसलिए पत्थर के सील से वार कर उसकी हत्या कर दी।
दूसरे मामले में शराब के नशे में दोस्त को गाली देने पर युवक की हत्या कर दी गई। 3 साथियों ने मिलकर युवक के सिर पर कांच की बोतल और पत्थरों से मारा। गहरी चोट लगने से उसकी जान चली गई। तीसरे मामले में पारिवारिक विवाद में चाकू मारकर युवक का मर्डर हुआ है। तीनों केस के आरोपी पकड़े गए हैं।
घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए…

बोरी में बंद मिली थी युवक की सड़ी गली लाश।

शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की थी।

दोस्त की हत्या के 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
केस 1 – पिता और छोटे बेटे ने मिलकर बड़े बेटे को मारा
जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 अप्रैल 2026 को सामने आई, जब यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे लिफ्ट एरिगेशन के कुएं में एक युवक का शव बोरी में बंद मिला। शव को पानी में डूबा रखने के लिए उसके साथ पत्थर बांधा गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की जांच में शव की पहचान सत्यानारायण ध्रुव (27) के रूप में हुई, जो पिछले एक महीने से लापता था। पुलिस ने जब परिवार से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
पुलिस के अनुसार, सत्यानारायण शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर वालों के साथ मारपीट करता था।
6 मार्च की रात भी वह अपनी मां से झगड़ रहा था। इसी दौरान घर में माहौल बिगड़ गया और छोटे भाई का गुस्सा फूट पड़ा। उसने घर में रखा पत्थर का सील उठाकर सत्यानारायण के सिर पर कई बार वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद पिता महेश ध्रुव घर पहुंचे। बेटे की मौत देखकर उन्होंने पुलिस को खबर देने की बजाय मामला छिपाने का फैसला किया। फिर पिता और छोटे बेटे ने मिलकर शव को एक बोरी में भरा।
इसके बाद दोनों ने शव को बाइक पर रखा और एक सुनसान जगह ले जाकर कुएं में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी पिता महेश ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। नाबालिग बेटे को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।

बेटे की हत्या का आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
केस 2 – साथियों ने मिलकर दोस्त को मार डाला
6 अप्रैल को खट्टी जंगल में एक अज्ञात युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला था। जांच के दौरान मृतक की पहचान खैरा निवासी प्रकाश पटेल (23) के रूप में हुई। शव के चेहरे, गर्दन और सीने पर गंभीर चोट के निशान थे, और गले में एक पीला गमछा बंधा हुआ पाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतक के दोस्तों से पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू, गोपाल प्रधान और जालंधर सोनवानी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। लगभग एक महीने पहले शराब के नशे में मृतक ने आरोपियों को गाली दी थी, जिससे उनके बीच विवाद हो गया था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने प्रकाश पटेल की हत्या की साजिश रची।
5 अप्रैल की रात आरोपी चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू (21 वर्ष), गोपाल प्रधान (20 वर्ष) और जालंधर सोनवानी (21 वर्ष) ने प्रकाश पटेल को गायत्री मंदिर के पास से बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और खट्टी जंगल ले गए। वहां उन्होंने कांच की बोतल और पत्थरों से उस पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और गरियाबंद क्षेत्र में छिप गए थे। पुलिस ने लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 04 क्यू क्यू 6845) भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पारिवारिक विवाद में 1 युवक का मर्डर हुआ है।
केस 3 – पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या
तीसरी घटना सरायपाली थाना क्षेत्र के झिलमिला वार्ड क्रमांक 8 की है। जहां शनिवार (10 अप्रैल) को दिनदहाड़े एक पारिवारिक विवाद में अनवर खान (53) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बेटे अजहर खान (21 वर्ष) और बेटी शहनाज (27 वर्ष) घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राकेश साहू, ताजुद्दीन और मृतक अनवर खान के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 10 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे यह विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि राकेश साहू और ताजुद्दीन ने अनवर खान पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में घायल अजहर और शहनाज को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सरायपाली पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। सरायपाली एसडीओपी ललिता मेहर ने पुष्टि की कि यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई चाकूबाजी का परिणाम है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग घायल हुए हैं। मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में है।

…………………….
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
कुएं में बोरी में मिला युवक का शव:सिर-कंधे पर चोट के निशान, 20 से 25 दिन पुराना; महासमुंद पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

1 महीने पहले कुएं के किनारे बोरी में मिला था शव।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गुरुवार को कुएं से बोरी में भरा युवक का शव बरामद हुआ। सिर और कंधे पर चोट के निशान मिले। शव 20 से 25 दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, जांच शुरू की। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र लभराखुर्द गांव का है। पढ़ें पूरी खबर….

<
