Uncategorized

दुर्ग के वैशाली नगर में कार्रवाई: घोषित गुंडा-बदमाश समेत 4 गिरफ्तार, 11 हथियार और 2.97 लाख रुपए बरामद

दुर्ग के वैशाली नगर थाना पुलिस ने कैंप-1 में कार्रवाई करते हुए घोषित गुंडा-बदमाश समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 हथियार मिले हैं। इनमें एयरगन, बड़ी और छोटी तलवार, लोहे की तलवार, चापड़, खुखरी और बटनदार धारदार हथियार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, किसी भी हथियार का वैध दस्तावेज नहीं मिला।

कार्रवाई 28 सितंबर को की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों को पकड़कर तलाशी ली।

इस दौरान हथियारों के अलावा 2 लाख 97 हजार 650 रुपए कैश, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में एक एयरगन, एक बड़ी तलवार, एक छोटी तलवार और दो लोहे की तलवार शामिल हैं। इसके अलावा दो चापड़, एक खुखरी, एक साधारण धारदार हथियार और एक बटनदार धारदार हथियार मिला है।

पुलिस ने सभी हथियार जब्त कर आयुध अधिनियम के तहत अलग मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सिम्मी उर्फ आलोक उर्फ आलू (26), झरनजीत कौर उर्फ पूजा (23), रंजीता कौर (45) और सिमरन कौर (27) शामिल हैं। इनमें सिम्मी उर्फ आलोक उर्फ आलू को पुलिस ने घोषित गुंडा-बदमाश बताया है। चारों आरोपी कैंप-1 क्षेत्र के रहने वाले हैं।

हथियारों के साथ बड़ी रकम और बैंक से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल संदिग्ध पैसों के लेन-देन के लिए कर रहे थे। जब्त मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच से लेन-देन से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस ने पैसों के लेन-देन के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। वहीं हथियार मिलने पर आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।

चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button