छत्तीसगढ़ में चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता के विरोध में मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
.
मंगलवार को धमतरी चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ट्रेड लाइसेंस की आड़ में दोहरे कराधान, नवीनीकरण न होने पर 15% पेनल्टी और सीलिंग की कार्रवाई का विरोध किया। चैंबर ने मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने बताया कि स्थानीय व्यापार पहले से ही चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऑनलाइन कंपनियों और बड़े कॉर्पोरेट नेटवर्क के कारण धमतरी का पारंपरिक बाजार लगभग 35 से 40 प्रतिशत तक सिकुड़ गया है। मंदी के कारण किराना, मेडिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, मनिहारी और कनफेक्शनरी सहित लगभग सभी व्यापारिक श्रेणियों की स्थिति प्रभावित हुई है।

नीतियों में बदलाव पर व्यापारियों की चिंता
उन्होंने सरकार की नीतियों में बार-बार बदलाव पर चिंता व्यक्त की। पहले गुमास्ता और ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई थी, लेकिन नए आदेशों के तहत अब गुमटी से लेकर बड़े मॉल तक सभी व्यापारियों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही जीएसटी, आयकर, खाद्य सुरक्षा, ड्रग लाइसेंस, फायर सेफ्टी और मंडी लाइसेंस सहित कई विभागीय दायित्वों का पालन कर रहे हैं।
नए लाइसेंस शुल्क को लेकर नाराजगी
धमतरी नगर निगम के मौजूदा करों का उल्लेख करते हुए चैंबर ने बताया कि व्यापारी पहले से ही संपत्ति कर, स्वच्छता शुल्क, नाली/जल निकासी शुल्क, बोर्ड टैक्स, विज्ञापन शुल्क, लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क, फायर संबंधी शुल्क और व्यापारिक परिसर उपयोग शुल्क जैसे अनेक कर नियमित रूप से अदा कर रहे हैं। ऐसे में दुकान के क्षेत्रफल के आधार पर 4 से 6 रुपए प्रति वर्गफुट का नया ट्रेड लाइसेंस शुल्क, संपत्ति कर जैसा ही एक और कर है, जिसे वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में लागू करना अनुचित है।

धमतरी में जिला स्तरीय युवा उत्सव
धमतरी में जिला स्तरीय युवा उत्सव और महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंगलवार को इंडोर स्टेडियम में हुए इस आयोजन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने विभिन्न कला और खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं को दो श्रेणियों में बांटा गया था। इनमें कुश्ती, रस्साकशी, दौड़, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और बास्केटबॉल जैसे खेल शामिल थे। युवा उत्सव में पंथी नृत्य, सुआ नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा, राउत नाचा, लोकगीत और लोकनृत्य सहित 14 अलग-अलग कला विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रदर्शन के लिए 5 मिनट का समय दिया गया था।

98 प्रतिभागियों का राज्य स्तर के लिए चयन
इस जिला स्तरीय आयोजन से कुल 98 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित प्रतिभागी 22 दिसंबर के बाद रायपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में धमतरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिला खेलकूद का उद्देश्य उन महिलाओं को अवसर प्रदान करना था, जिन्हें सामान्यतः खेलकूद में भागीदारी का मौका नहीं मिल पाता।
यह आयोजन जिले के चारों ब्लॉकों के प्रतिभागियों के लिए था। खिलाड़ियों ने अपनी श्रेणी के अनुसार खेलकूद में भाग लिया और इसमें शामिल होकर अच्छा महसूस किया। उन्होंने इस तरह के खेलकूद आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही।

<
