Uncategorized

CRPF जवान सालिक ध्रुव का पार्थिव शरीर परेवाडीह पहुंचा, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

धमतरी जिले के ग्राम परेवाडीह में मंगलवार को CRPF जवान सालिक ध्रुव का पार्थिव शरीर पहुंचा। पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर पूरे गांव में मातम छा गया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

ग्राम परेवाडीह निवासी सालिक ध्रुव पिता घासीराम ध्रुव की उम्र करीब 34 वर्ष थी। ग्रामीणों के मुताबिक, सालिक ध्रुव का जन्म 22 जून 1994 को हुआ था। उन्होंने एमए तक की शिक्षा हासिल की थी। शुरू से ही उनके मन में देशसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना थी।

जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ दिनों तक रायपुर में उनका इलाज चला। मंगलवार को उनके निधन की खबर गांव पहुंची तो पूरे गांव में मातम छा गया।

सालिक ध्रुव ने साल 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती होकर सेवा शुरू की। बाद में वे 205 कोबरा (CoBRA) बटालियन में शामिल हुए और कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

205 कोबरा बटालियन में रहते हुए सालिक ध्रुव ने पूर्व में नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में हुए अभियानों में भी हिस्सा लिया था। विषम परिस्थितियों में उन्होंने साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निभाई। वर्तमान में वे बिहार के गया क्षेत्र में तैनात थे।

पार्थिव शरीर को गांव में लाने के बाद अंतिम दर्शन के लिए भ्रमण कराया गया। इसके बाद स्कूल मैदान में पार्थिव शरीर रखा गया। CRPF के अधिकारियों और जवानों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।

उनके निधन के बाद साथी जवानों और ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने कहा कि सालिक ध्रुव का देश के प्रति समर्पण और सेवा भाव हमेशा याद रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button