![]()
फर्जी दस्तावेज के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर पुलिस ने CRPF से बर्खास्त एक आरक्षक को फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बलरामपुर का फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती लेने का आरोप है।
.
मामला 28 अप्रैल को सामने आया, जब तहसीलदार बलरामपुर ने थाना बलरामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन, CRPF करनपुर जगदलपुर में तैनात कांस्टेबल सुमित (पिता अचल सिंह) ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए फर्जीवाड़ा कर स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाया।
दूसरे व्यक्ति के दस्तावेजों का किया इस्तेमाल
जांच में सामने आया कि आरोपी ने विशाल सोनी (पिता स्व. सुरेश सोनी) के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों में हेरफेर कर अपना नाम दर्ज कराया। इसी आधार पर उसने बलरामपुर का स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र जारी करवाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले भी CRPF में कांस्टेबल पद पर भर्ती के दौरान इसी फर्जी प्रमाण पत्र का उपयोग किया था।
IT एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 78/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340(2), 61(2)(a), 338 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया।
CRPF से बर्खास्त होने के बाद गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि 14 मई को आरोपी को 204 कोबरा बटालियन, करनपुर जगदलपुर से बर्खास्त किए जाने के बाद हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी तरीके से निवास प्रमाण पत्र बनवाकर भर्ती लेने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
<
