‘चोर’ कहने पर विवाद,दो भाइयों ने तलवार से किया हमला:कोरबा में दोनों गिरफ्तार, कटघोरा कोर्ट में पेश; दूसरे पक्ष पर भी केस दर्ज

कोरबा के बलगी कॉलोनी में एक युवक को चोर कहने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान दो सगे भाइयों ने युवक से मारपीट की और एक भाई ने उस पर तलवार से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने 24 अक्टूबर तक रिमांड की मांग की है। यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, मामले में प्रार्थी निखिल बंजारे वाहन चालक का काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि मोहल्ले का योगेश कुमार साहू उसे चोर कहकर बदनाम कर रहा था। इसकी जानकारी उसे अपने दोस्तों से मिली थी। 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे निखिल ड्यूटी से दशहरा मैदान पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात योगेश से हो गई। निखिल ने उससे पूछा कि वह उसे चोर कहकर क्यों बदनाम कर रहा है। इस बात पर योगेश गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। भाई ने युवक पर तलवार से किया हमला इसी दौरान योगेश का बड़ा भाई प्रशांत कुमार साहू अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 12 एम 1068) पर तलवार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने निखिल को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और तलवार से हमला कर दिया। निखिल ने हिम्मत दिखाते हुए प्रशांत का गला पकड़ लिया, जिससे वह दोबारा तलवार से वार नहीं कर सका और निखिल की जान बच गई। पुलिस ने निखिल का मेडिकल परीक्षण कराया और उसका बयान दर्ज किया। आरोपी प्रशांत की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल तलवार और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। मामले में पुलिस ने प्रशांत कुमार साहू (23) और योगेश कुमार साहू (20), दोनों निवासी क्वार्टर नंबर एमक्यू ए-49, बलगी कॉलोनी, को 10 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। वहीं, प्रार्थी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।




