Uncategorized

मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं ‘मोदी की गारंटी’ की योजनाएं, महतारी वंदन की 33वीं किस्त जारी होने का जिक्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उरांव समाज की ऐतिहासिक जनी शिकार परंपरा को महिलाओं के अदम्य साहस, वीरता और शौर्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उरांव समाज की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप माताओं-बहनों, किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के हित में किए जा रहे कार्य शामिल हैं। उन्होंने जशपुर जिले में शिक्षा, खेल और अधोसंरचना विकास को मिल रही नई गति पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने जनी शिकार की परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि जब समाज पर संकट आया, तो माताओं और बहनों ने पुरुषों का वेश धारण कर हथियार उठाए और युद्ध में मुगलों को परास्त किया। यह प्रत्येक 12 वर्ष में आयोजित होने वाली एक अनूठी परंपरा है, जिसमें महिलाएं पारंपरिक रूप से पुरुषों का वेश धारण कर तीर-धनुष और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ अपनी वीरता का प्रदर्शन करती हैं। उन्होंने इस परंपरा को उरांव समाज की ऐतिहासिक वीरता और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा बताया।

अपने व्यक्तिगत जीवन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने गुरु स्वर्गीय धनपति पंडा के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद उन्होंने धनपति पंडा से गुरु दीक्षा ली और उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु धनपति पंडा के प्रयासों से हिंदू उरांव समाज के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब नई पीढ़ी आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पूर्वजों की विरासत और सामाजिक मूल्यों से भी जुड़ी रहे।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना का जिक्र किया, जिसके तहत दीपावली से पहले प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात मिली। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में योजना की 33वीं किस्त जारी की। इसके अंतर्गत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि अंतरित की गई।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प एवं मार्गदर्शन में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, पराक्रम और बस्तरवासियों के सहयोग से आज बस्तर नक्सलवाद की चुनौती से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 पक्के आवास तैयार होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है, जिसके तहत किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है और लंबित बोनस का भुगतान भी किया गया है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं, और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थयात्रा कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने जशपुर जिले में विकास के नए आयाम स्थापित होने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है, और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है। कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड़ में राज्य का पांचवां 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में सड़क, पुल-पुलिया और सिंचाई अधोसंरचना के विकास के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास और जनसुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, आंचलिक करम पूजा महोत्सव के अध्यक्ष वेद प्रकाश भगत, कार्यकारी अध्यक्ष बलराम भगत, आयोजन समिति के गुलाब राम, बोधसाय भगत, संजय निकुंज, देवदत्त निकुंज सहित बड़ी संख्या में उरांव समाज के लोग एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button