कोरबा में एक दमकल कर्मी ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी दमकल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मोबाइल दुकान संचालक को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है।
.
जानकारी के मुताबिक, पोड़ी बहार का रहने वाला आकाश शुक्ला नगर सेना के अधीन दमकल कर्मी है। शनिवार शाम युवती स्कूटी पर सवार होकर घंटाघर से बुधवारी होते हुए सीएसईबी चौकी की ओर आ रही थी। इस दौरान वह स्कूल खड़ी कर कॉल पर बात कर रही थी।
तभी पल्सर बाइक पर सवार आकाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। जिसके बाद युवती ने तुरंत सीएसईबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया।

घर से पकड़ा गया आरोपी
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें युवती के बताए हुलिए का युवक दमकल कर्मी ही निकला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आकाश को उसके घर से पकड़ा और पूछताछ शुरू की। उसने दुकान संचालक धनेश्वर राठौर को मोबाइल बेचना बताया।
शराब के नशे में था दमकल कर्मी
इसके बाद पुलिस ने धनेश्वर राठौर को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दमकल कर्मी आकाश शुक्ला शराब के नशे में था और वारदात को अंजाम देने के बाद पोड़ी बहार से भागने की फिराक में था।
दुकानदार की तलाश जारी
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि लूट के इस मामले में दमकल कर्मी आकाश शुक्ला और मोबाइल दुकान संचालक धनेश्वर राठौर को आरोपी बनाया गया है। मुख्य आरोपी आकाश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दुकान संचालक की तलाश जारी है।

<
