दुर्ग पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वालों को गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में महाराष्ट्र से आए एक गिरोह ने तंत्र-मंत्र से 11 लाख को 11 करोड़ बनाने का दावा किया और एकादशी के दिन पूजा की। इस दौरान नींबू और सिंदूर नहीं होने की बात बोलकर उन्होंने युवक को बाहर भेजा और पैसे लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस
.
मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पीड़ित का नाम रामकुमार जायसवाल है। जो कि पेशे से ड्राइवर है। आर्थिक तंगी और जल्दी अमीर बनने के चक्कर में उसने दोस्त से मदद मांगी। दोस्त ने महिला तांत्रिक का नंबर दिया और दावा कि वह 11 लाख रुपए को 11 करोड़ बना सकती है। जिसके बाद पूजा पाठ के नाम पर उससे पैसे निकलवाए और महाराष्ट्र भागने के फिराक में थे।
देखिए पहले ये तस्वीरें…

आरोपियों ने पहले पूजा के लिए नारियल मटके और चावल मंगवाया।

ठगों ने कमरे में पूजा के लिए सभी तैयारियां कर ली थी।

मौके पर चावल की बोरी और तंत्र-मंत्र की सामाग्री मिली।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, रामकुमार जायसवाल आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने दोस्त राजू से मदद मांगी। उसने उसको महाराष्ट्र के छोटू नामक व्यक्ति का नंबर दिया। साथ ही महिला मंदा पासवान का नंबर दिया और बताया कि ये चमत्कारी पूजा कर पैसा 100 गुना बढ़ा देते हैं।
इन्होंने कई लोगों का पैसा बढ़ाया है, तुम्हारा भी बढ़ा देंगे। मंदा पासवान ने ड्राइवर को भरोसे में लेकर कहा कि वह उसके 11 लाख रुपए को 11 करोड़ बना सकती है। इस सौदे पर सहमति बनी और मंदा पासवान ने दुर्ग आने का वादा किया।
एकादशी के दिन पहुंचे दुर्ग
1 नवंबर की शाम यानी एकादशी के दिन मंदा पासवान अपने दो साथियों के साथ अर्टिगा कार से दुर्ग पहुंची। उसने रामकुमार को कॉल किया और खुद को बस स्टैंड पर बताया। रामकुमार वहां पहुंचा तो उसे मंदा और उसके दो साथी कार में बैठे मिले।
तीनों को वह अपने मालिक के खाली ट्रेनिंग सेंटर में पूजा के लिए ले गया। पूजा के बहाने आरोपियों ने उससे पूजा का सामान दो मटका चावल, आटा और अन्य सामान मंगवाया और कहा कि चमत्कार तभी होगा, जब वह पूरे एक लाख रुपए सामने रखेगा।
सामान लेकर लौटा तो हो चुके थे फरार
ड्राइवर ने उनके कहे मुताबिक पूरे पैसे रख दिए। इसके बाद आरोपियों ने सिंदूर की पांच डिब्बियां और नींबू लाने के लिए बाहर भेजा। जब वो यह सब सामान लेकर वापस लौटा, तब तक तीनों पैसे लेकर फरार हो चुके थे। जिसके बाद वो फौरन थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी और सुराग के आधार पर पुलिस ने शिवनाथ नदी पुल के पास महाराष्ट्र पासिंग कार को रोका। कार में तीनों आरोपी सवार थे। जिन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म स्वीकार किया।

पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस मामले का खुलासा किया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
इस मामले में पुलिस ने मंदा पासवान उर्फ मंदा ठमके उर्फ मंदा वाघमारे (42), अमरदीप प्रहलाद दामोदर (34) और संजय विलास जमुना (28) के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिला बताती थी खुद को तांत्रिक
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल , कार और ठगी के एक लाख रुपए भी बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों की भी जांच में शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, रकम 100 गुना करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले इस गिरोह की एक महिला खुद को तांत्रिक बताती थी।
जमानत पर बाहर है मुख्य आरोपी
आरोपी पूजा का नाटक रचते थे और भोले-भाले लोगों से मोटी रकम ऐंठकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार गिरोह महाराष्ट्र के यवतमाल का है, जिसके खिलाफ पहले से ही डकैती समेत कई आपराधिक केस दर्ज हैं। मुख्य आरोपी महिला मंदा पासवान डकैती के मामले में पहले से जमानत पर है।
आरोपियों के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी के दर्ज हैं केस
जबकि बाकी आरोपी भी डकैती में फरार आरोपी हैं। महाराष्ट्र में भी इनके खिलाफ कई ठगी और धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। यह गैंग लगातार राज्य बदल-बदलकर भोलेभाले लोगों को पैसा बढ़ाने की तंत्र विद्या के नाम पर फंसाता था।
इस मामले में ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि ड्राइवर ने तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और शिवनाथ नदी पुल के पास आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
……………………………………..
ठगी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
ऑनलाइन बेटिंग-ऐप से 50 करोड़ की ठगी: शॉपिंग-वेबसाइट से छत्तीसगढ़ की छात्रा से भी फ्रॉड, मुंबई से कर रहे थे ऑपरेट, बिहार-महाराष्ट्र के हैं आरोपी

खैरागढ़ पुलिस ने 8 आरोपियों को ठगी के आरोप में मुंबई से अरेस्ट किया था।
छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी की। खैरागढ़ पुलिस 64 हजार की ठगी के आरोपियों को पकड़ने गई थी, लेकिन 50 करोड़ की ठगी के शातिरों को धर दबोचा। आरोपी बिहार और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर…
<
