BJP ने सोशल मीडिया पर पोस्टर-वीडियो के जरिए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है।
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया पर कांग्रेस के खिलाफ घोटालों को लेकर लगातार पोस्ट कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके बेटे चैतन्य बघेल और सौम्या चौरसिया समेत कई अधिकारियों पर निशाना साधा गया है।
.
पोस्टर-वीडियो शेयर कर शराब घोटाला और पीएससी घोटाला समेत कई कथित भ्रष्टाचार मामलों का जिक्र किया गया है। इन वीडियो और पोस्टर में कांग्रेस नेता कीचड़ में समाते हुए, जेल और बंद कमरों में चर्चा करते हुए दिखाए गए हैं।
इस पर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के पास साय सरकार की उपलब्धियां नहीं है, जिसे बखान कर सके। इसलिए कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालते हैं। ये ओछी राजनीति है। वहीं, बीजेपी ने कहा कि जिस पार्टी ने भारतीय राजनीति से शुचिता समाप्त कर दी हो, उसके नेताओं को बीजेपी के किसी भी पोस्ट पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
पहले देखिए बीजेपी के सोशल मीडिया पोस्ट…

भाजपा ने लिखा- जो घोटालों के कीचड़ में समा गए, वो दूसरों पर कीचड़ उछाल रहे हैं।

जयचंद कोसले के गिरफ्तार होने पर कांग्रेस ने लिखा- अब सच आएगा सामने।

शराब घोटाले में चैतन्य बघेल की जमानत याचिका खारिज होने पर पोस्ट।

पीएससी घोटाले का जिक्र, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की कही बात।
भूपेश, रिश्तेदार और अधिकारी टारगेट
बीजेपी के सोशल मीडिया पेज पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उनके रिश्तेदारों और IAS अधिकारियों के पोस्टर जारी किए गए हैं। बीजेपी “घोटालों का असली चेहरा” बताकर भूपेश बघेल को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहरा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बीजेपी की ओर से डाले गए कंटेंट में ‘भ्रष्टाचार की जड़’, ‘जनता से विश्वासघात’ जैसे हैशटैग ट्रेंड कराए जा रहे हैं। कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता पोस्टर चिपकाकर भी कांग्रेस को घेरने की रणनीति अपना रहे हैं।
छवि को चोट पहुंचाने का तरीका
प्रदेश के राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बीजेपी-कांग्रेस नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर आमने-सामने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसे पोस्टर और वीडियो आए हैं। जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ा है।
बीजेपी के कुछ और पोस्ट देखिए…

बीजेपी ने लिखा- शराब घोटाला गिरोह का मुखिया चैतन्य बघेल।

आपसी कलह में उलझी छत्तीसगढ़ कांग्रेस।

छत्तीसगढ़ में मची रार, कांग्रेस की रैली में पैसे बांटने का आरोप।
CBI-EOW-ACB के चलते पोस्टर वार- वरिष्ठ पत्रकार
प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों का कहना है कि आम तौर पर यह स्थिति चुनावी मौसम नजदीक आते ही दिखती थी, लेकिन प्रदेश में जब से सीबीआई, ईओडब्ल्यू, एसीबी की कार्रवाई का दौर शुरू हुआ है, तब से लगातार इस तरह के पोस्ट-वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं।
इसका मकसद जनता के बीच यह संदेश देना है कि, कांग्रेस सरकार के दौरान हुए घोटालों में पूर्व सीएम और उनके करीबी सीधे तौर पर शामिल रहे हैं।
भाजपा की ये ओछी राजनीति- धनंजय ठाकुर
बीजेपी के कार्टून पोस्टर्स पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के पास साय सरकार की उपलब्धियां नहीं है, जो वो बखान कर सके। प्रदेश की जनता साय सरकार को कठपुतली सरकार कहती है। इस स्थिति में भाजपा नेता सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालते हैं। ये ओछी राजनीति है।

कांग्रेस ने राजनीतिक शुचिता समाप्त कर दी- दीपक उज्जवल
कांग्रेस नेता के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने भारतीय राजनीति से शुचिता समाप्त कर दी हो, उसके नेताओं को भारतीय जनता पार्टी के किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।

<
