टॉप न्यूज़

भारतमाला नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा:अधूरे पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, 4 युवक गंभीर, सड़क खत्म होने का नहीं चला पता




छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे में सोमवार रात भीषण हादसा हो गया। तोरवा थाना क्षेत्र के दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ। कार (CG 13 AS 9262) कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और आगे सड़क भी नहीं जुड़ी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार सवार काफी तेज रफ्तार में थे। उन्हें अंदाजा नहीं लगा कि सामने ब्रिज निर्माण का काम चल रहा है और हाईवे बंद है। तेज रफ्तार में कार सीधे अधूरे पुल तक पहुंच गई और निर्माणाधीन हिस्से से हवा में उछलकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। लोगों की जुटी भीड़, पुलिस को दी जानकारी हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। तोरवा पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुल से नीचे गिरने के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। रायपुर जा रहे थे कार सवार युवक प्राथमिक जांच में पता चला है कि घायल रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे कोरबा होते हुए रायपुर जा रहे थे। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल हादसे के बाद निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक को आगे पुल अधूरा होने की जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगे थे या नहीं। फिलहाल, तोरवा पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button