महिला शिक्षक को हथियार दिखाकर लूटा:स्कूल से पढ़ाकर लौट रही व्याख्याता रास्ते में दो बाइक सवारों ने रोका, मोबाइल, कैश और एटीएम कार्ड लेकर भागे

![]()
दुर्ग जिले के पाटन मार्ग पर बुधवार शाम स्कूल से लौट रही एक महिला शिक्षक व्याख्याता और ऑटो चालक को दो नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर रोक लिया। बदमाशों ने पहले रास्ता पूछने के बहाने ऑटो रुकवाया, फिर गाली-गलौज करते हुए चालक के कान पर कट्टा अड़ा दिया। महिला ने पर्स देने से इनकार किया तो बदमाशों ने छीना-झपटी कर उसका पर्स और ऑटो चालक का मोबाइल लूट लिया। इस दौरान ऑटो चालक के सिर में चोट भी आई। वारदात ग्राम अमेरी और बटंग के बीच हाई स्कूल से करीब 400 मीटर पहले हुई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह जामगांव स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में व्याख्याता है और पिछले एक साल से उसी ऑटो से घर आ-जा रही थी। लुटेरे बाइक पर आए थे और दोनों ने चेहरे ढके हुए थे। लूटे गए पर्स में ओप्पो मोबाइल, एचडीएफसी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, घर की चाबी और करीब छह हजार रुपये नकद थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link




