Uncategorized

साइबर जागृति अभियान: रायगढ़ पुलिस बना रही शॉर्ट फिल्म, एसएसपी शशि मोहन सिंह समेत अधिकारी करेंगे अभिनय

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में साइबर ठगी को लेकर पुलिस अभियान चला रही है। प्रदेश भर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस एक शॉर्ट फिल्म बना रही है। इस फिल्म में मुख्य किरदार में एसएसपी शशि मोहन सिंह समेत पुलिस के अन्य अधिकारी होंगे। इस शॉर्ट फिल्म के माध्यम से पुलिस साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक पहल की जा रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म तैयार की जा रही है।

यह शॉर्ट फिल्म रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। फिल्म के मुख्य किरदार में शशि मोहन सिंह, अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दिपेश महंत, हर्ष बैरागी व रायगढ़ पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नजर आएंगे।

पुलिस कंट्रोल रूम में फिल्म के दृश्यों की शूटिंग की जा रही है। फिल्म की स्टोरी और डायरेक्शन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। उनकी टीम में तोरण राजपूत डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी, मनमोहन बैरागी ऑपरेटिंग कैमरामेन, एक्युप्मेंट अष्टविनायक HD World रायपुर, देवानंद यादव (मैकमेन), मिथलेश और योगेश (लाइटमेन) ने अपना विशेष योगदान दिया है। फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग पुलिस कंट्रोल रूम में भी की गई है।

फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट, APK समेत अन्य माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने के तरीकों को कहानी के माध्यम से दर्शाया जा रहा है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग कांसेप्ट के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा तैयार की जा रही यह फिल्म कंपटीशन का हिस्सा नहीं होगी। इस शॉर्ट फिल्म के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर अपराधी किस तरह म्यूल अकाउंट और APK फाइलों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर ठगी के तरीकों को सरल व प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाकर उन्हें सतर्क करना है।

साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ लघु फिल्म प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की थीम “संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” रखी गई है। प्रतियोगिता में 2 कैटगरी पर साइबर अपराधों से संबंधित विषयों पर प्रतिभागी अधिकतम 3 मिनट का वीडियो व 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं।

तैयार फिल्म अथवा वीडियो को Google Drive या किसी अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक contact@filmotsav.org पर साझा करना होगा। प्रतियोगिता के दोनों कैटगरी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय के लिए कुल 3 लाख 75 हजार तक के इनाम रखा गया है। कार्यक्रम में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button