भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा बचेली में एनएमडीसी स्लरी पाइपलाइन विस्तार का मामला एक बार फिर से गरमा गया है। प्रशासनिक अमला बिना वार्डवासियों के विस्थापन के बुलडोज़र लेकर तोड़-फोड़ करने पहुंचा। तभी जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा वहां पहुंची और भड़क गईं।
.
तुलिका ने सीधा मोबाइल से एसडीएम को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि यहां आपको जनता की सेवा करने के लिए शासन ने भेजा है न कि तोड़ फोड़ मचाने। अनुविभागीय अधिकारी को सीधा कहा कि बस्तर में यूपी जैसा बुलडोज़र राज लाना चाह रहे हैं क्या और तत्काल उन्हें प्रभावित वार्ड में बुलाया पर ऐसे में अपना पल्ला झाड़ते हुए अधिकारी ने दंतेवाड़ा में होने की बात कही और तहसीलदार को भेजने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की मनमानी ऐसी रही कि प्रभावित वार्डवासियों के उपस्थित होने के बावजूद भी कोई अधिकारी अथवा उनका प्रतिनिधि स्थल पर नहीं आये, जिस पर वार्डवासियों की पीड़ा देख तुलिका कर्मा भड़क उठी और दो टूक कह दिया कि जब तक समस्या का निवारण नहीं होगा तब तक वे स्वयं वार्ड में तंबू लगाकर धरने पर बैठ जाएंगी।तुलिका ने वार्डवासियों के सामने ही आश्वासन दिया और सभी संबंधित अधिकारी को कल प्रभावित वार्ड में बैठक करवाने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का उचित समाधान वार्डवासियों की सहमति से हो सके ।
<
