रेप के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं,आदिवासी-समाज ने घेरा एसपी कार्यालय:आदिवासी छात्रा से रेप के आरोपी के गिरफ्तारी की मांग,उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

![]()
सरगुजा में 14 साल की नाबालिग आदिवासी छात्रा से रेप करने के आरोपी उप सरपंच के पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और आरोपी के जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस द्वारा अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोश जताया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बरसते पानी में भी सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि प्रदर्शन करते रहे। सरगुजा एसएसपी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 7वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ 20 जुलाई को उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल ने रेप किया था। छात्रा सुबह-शाम उप सरपंच के घर काम करती थी और खाना भी बनाती थी। पीड़िता के अनुसार तरुण जायसवाल ने उसे मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार रेप किया। पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। 22 जुलाई को एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। झमाझम बारिश में घेराव, धरने पर बैठे सर्व आदिवासी समाज ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी थी। बुधवार को सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी-कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में युवा कलेक्टोरेट पहुंचे। आंदोलन के मद्देनजर पुलिस ने बेरिकेटिंग की थी। सर्व आदिवासी समाज ने जमकर नारेबाजी की और कलेक्टोरेट के गेट के अंदर सड़क पर ही बैठ गए। इस बीच झमाझम बारिश शुरू हो गई, लेकिन बरसते पानी में भी सर्व आदिवासी समाज का प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान सभी प्रदर्शनकारी पूरी तरह से भीग गए। आंदोलनकारियों ने मौके पर एसएसपी को मौके पर बुलाया। भीगते हुए आए एसएसपी, कहा-आरोपी की गिरफ्तारी होगी सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल अपने कार्यालय से बारिश में भीगते हुए बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। एसएसपी ने कहा कि पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसएसपी ने कहा कि आरोपी तरुण कुमार जायसवालके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आश्वासन के बाद सर्व आदिवासी समाज ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। आरोपी पर एक लाख रुपये इनाम की घोषणा
सर्व आदिवासी समाज ने आरोपी तरुण कुमार जायसवाल की सूचना देने एवं गिरफ्तार कराने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में एसएसपी ने आरोपी पर पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी। सर्व आदिवासी समाज ने कहा-आरोपी को पुलिस का संरक्षण सर्व आदिवासी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अनूप प्रताप सिंह टेकाम ने कहा कि अब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे ऐसा लग रहा है कि पुलिस प्रशासन द्वारा तरूण कुमार जायसवाल को संरक्षण दिया जा रहा है। इसके विरोध में हम प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो सर्व आदिवासी समाज बड़े पैमाने पर आंदोलन एवं प्रदर्शन करेगा। समाज ने आरोपी को संरक्षण दे रहे अधिकारियों पर भी एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।
Source link




