Uncategorized

राशन बंद होने के खतरे से बचने 28 से 30 सितंबर तक बिलासपुर में सेवा सेतु कैंप, ई-केवाईसी और आधार सीडिंग का अंतिम मौका

राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों की अनिवार्य ई-केवाईसी और आधार सीडिंग न कराने वाले हितग्राहियों पर राशन बंद होने का खतरा मंडराने लगा है। खाद्य विभाग के कड़े निर्देशों के बीच बिलासपुर जिले में अभी भी हजारों हितग्राहियों का सत्यापन अधूरा है। इस संकट को टालने और छूटे हितग्राहियों को अंतिम मौका देने के लिए खाद्य विभाग 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष ‘सेवा सेतु कैंप’ लगाने जा रहा है।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और बोगस कार्डधारियों की छंटनी के लिए शासन ने शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अनिवार्य कर रखी है। जिले में उचित मूल्य की दुकानों पर लगातार सर्वर की धीमी गति, बायोमैट्रिक मशीन में बुजुर्गों और बच्चों के फिंगरप्रिंट मैच न होने तथा मोबाइल नंबर लिंक न रहने के कारण बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही सत्यापन कराने से वंचित रह गए हैं।

राशन रुकने की आशंका के चलते गरीब परिवारों में लगातार हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। हितग्राहियों की इसी समस्या और मैदानी शिकायतों को देखते हुए खाद्य विभाग ने अब राशन दुकानों के बजाय प्रशासनिक स्तर पर शिविर लगाने का फैसला किया है।

28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय में नेहरू चौक स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभाकक्ष और सभी विकासखंडों में जनपद पंचायत कार्यालयों में विशेष काउंटर संचालित होंगे। शिविरों में तकनीकी दल सीधे विभागीय पोर्टल से ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर अपडेट करने का काम करेगा, ताकि तकनीकी खामियों के कारण किसी भी गरीब का नाम खाद्य सुरक्षा सूची से बाहर न हो।

इसके अलावा केंद्र की वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और उज्ज्वला गैस कनेक्शन से वंचित हितग्राहियों के लंबित आवेदनों का भी मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

राशन दुकानों पर ई-केवाईसी के दौरान सबसे बड़ी परेशानी बुजुर्गों व मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के साथ आ रही है, जिनके हाथों की रेखाएं घिसने से अंगूठा मैच नहीं करता। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लिंक फेल होने से लोग दिनभर कतार में खड़े रहकर बैरंग लौटने को मजबूर थे। इन विशेष शिविरों में आइरिस (आंखों की पुतली) स्कैन और ओटीपी आधारित सत्यापन की व्यवस्था की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी व आधार सीडिंग अनिवार्य है। तकनीकी कारणों से जो हितग्राही छूट गए हैं, उन्हें लाभ दिलाने के लिए ही 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप लगाए जा रहे हैं। पात्र नागरिक समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्रों में पहुंचकर सत्यापन कराएं, ताकि राशन आबंटन में कोई व्यवधान न आए। यह जानकारी खाद्य नियंत्रक बिलासपुर अमृत कुजूर ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button