छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम: 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की चेतावनी, जांजगीर में बिजली गिरने से 4 की मौत

छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर समेत प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के भी आसार हैं। बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के आगे बढ़ने से प्रदेश में बारिश की एक्टिविटी अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस बीच शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। महुदा गांव में शाम को सभी बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला। बारिश से बचने के लिए सभी झोपड़ी में चले गए, जहां वे बिजली की चपेट में आ गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का उपचार जारी है।

इसके अलावा अकलतरा थाना क्षेत्र में भी CCI प्लांट के पास बिजली गिरने से ग्रामीण दूज राम जाटवार (55) की मौत हो गई।

पिछले 24 घंटे में बालोद में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कवर्धा में 60 मिमी, कांकेर में 60 मिमी, सुकमा में 50 मिमी, जगदलपुर में 40 मिमी, मल्हारकोटा में 40 मिमी और अंबिकापुर में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा रोड, कुसमी, कोटा, तखतपुर, भाटापारा, डोंगरगढ़, कांकेर, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, अकलतरा, अंबिकापुर, रायपुर और आसपास के कई इलाकों में भी बारिश हुई।

रायपुर में भी आज (21 सितंबर) बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, इसलिए निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के आगे बढ़ने से प्रदेश में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button