लालपुर और भरतपुर में जुआ खेलते 12 गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई

बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए जुआरियों के पास से पुलिस ने 8, 130 रुपए नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की है।
पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि ग्राम लालपुर में आजाद चौक के पास और ग्राम भरतपुर में डबरी तालाब के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद साजा पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
सूचना के आधार पर, साजा पुलिस की टीम ने दोनों चिन्हित स्थानों पर अलग-अलग दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कुल 12 लोगों को मौके से धर दबोचा।
ग्राम लालपुर से पकड़े गए जुआरियों में भूपेंद्र यादव (41), लक्ष्मीनारायण वर्मा (25), प्रीतकुमार साहू (34), श्रवण साहू (39), खुलेश्वर यादव (26) और सुनील पटेल (34) शामिल हैं।
इसी प्रकार, साजा थाना क्षेत्र से पकड़े गए अन्य जुआरियों में कमल किशोर यादव (25), हसन खान (26), भीम उर्फ मनीष साहू (21), गजानंद यादव (24), शेखर यादव (26) और अशोक ठाकुर (24) के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने सभी 12 गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




