बेटे की कमल के फूल की इच्छा पूरी करने उतरे पिता की तालाब में डूबने से मौत
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम डुमरटोला में गुरुवार सुबह तालाब से कमल का फूल तोड़ने उतरे 45 वर्षीय भुनेश्वर श्रीवास की डूबने से मौत हो गई। बेटे के लिए कमल का फूल लाने की छोटी-सी इच्छा एक पिता की जान पर भारी पड़ गई। कमल की जड़ों और गाद में पैर फंसने के कारण वह पानी से बाहर नहीं निकल सके।
भुनेश्वर श्रीवास मूलतः हालमीटोला निवासी थे और वर्तमान में मोहला में रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह डुमरटोला के तालाब पहुंचे थे। बताया गया कि उनके करीब 15 वर्षीय बेटे ने कमल का फूल लाने की इच्छा जताई थी। बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए वह तालाब में उतर गए।
उन्होंने दो कमल के फूल तोड़ लिए। इसके बाद तीसरा फूल तोड़ने के लिए कुछ आगे बढ़े, तभी तालाब में मौजूद कमल की जड़ों और गाद में उनके पैर फंस गए। उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके और पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और स्वजन तालाब पर पहुंचे। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसरा है। जिस बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए पिता तालाब में उतरे थे, उसी दौरान उनकी जान चली गई। घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और घटना की जांच के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




