Uncategorized

नक्सलवाद खत्म होने के दावों पर मंगड़ू राम को भरोसा नहीं, बोले- फोर्स हटी तो फिर उठाएंगे हथियार

बस्तर में लगभग चार दशक से फैले सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब उन लोगों की कहानियां सामने आ रही हैं, जिन्होंने इसकी भारी कीमत अपनी जिंदगी और परिवार को खोकर चुकाई है। अबूझमाड़ के एक ऐसे ही शख्स, मंगड़ू राम नुरेटी, जो नक्सलियों के डर से करीब 25 साल तक अपने पैतृक गांव से दूर रहे, अब सशस्त्र नक्सलवाद के खत्म होने के बाद 19 दिसंबर 2025 को अपने गांव कान्हा लौटे हैं। इस दौरान वे जनप्रतिनिधि भी बने, लेकिन गांव नहीं लौट सके थे। नक्सलियों ने उन्हें पुलिस का मुखबिर बताकर निशाना बनाया था, जिसके चलते उनकी आंखों के सामने उनके पिता और बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी गई थी और परिवार को गांव छोड़ना पड़ा था।

ओरछा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष मंगड़ू राम नुरेटी ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए अपनी जिंदगी के संघर्ष, नक्सलियों के आतंक और 25 साल बाद गांव लौटने की पूरी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि साल 1996 में जब वे लगभग 21 साल के थे, तब प्यून की भर्ती के लिए आवेदन करने हेतु जाति प्रमाण पत्र बनवाने नारायणपुर आए थे। इसी दौरान उनके कुछ विरोधियों ने नक्सलियों से शिकायत कर दी कि वे पुलिस के लिए मुखबिरी करने नारायणपुर गए हैं। जबकि वे ऐसा नहीं करते थे। इसके बाद नक्सलियों ने उन्हें निशाना बना लिया और उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। नक्सलियों ने उन्हें इतना टॉर्चर किया कि उनकी जान लेने की कोशिश की जाने लगी।

बड़ी मुश्किल से वे गांव से निकलकर नारायणपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक आश्रम में काम किया। लेकिन नक्सली वहां भी उनके पीछे पहुंच गए और लगातार तीन दिन तक उनकी तलाश की। इसकी जानकारी मिलने पर उन्हें दूसरी जगह भेज दिया गया, जहां उन्होंने चौकीदारी की। बाद में जब रोजी नहीं मिली तो वे बाहर निकलकर मजदूरी करने लगे और इस तरह अपने परिवार के साथ जिंदगी आगे बढ़ाई। मंगड़ू राम ने बताया कि नक्सलियों को शक था कि वे पुलिस की मुखबिरी करते हैं, इसी वजह से वे उनके पीछे पड़े थे। उनके पिता उनसे मिलने आते थे, इसी बात को लेकर नक्सलियों ने उन्हें भी निशाना बनाया। गांव वालों के सामने उनके बड़े भाई को पहले डंडे से बेरहमी से पीटा गया और फिर पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई। उनके पिता को भी मार डाला गया। उस समय परिवार पर क्या बीती, इसे शब्दों में बताना मुश्किल है। परिवार के जो सदस्य बचे थे, उन्हें लेकर उन्हें गांव छोड़ना पड़ा।

नक्सली संगठन में एक राधिका नाम की महिला थी, जो उन्हें मारना चाहती थी, वहीं पांडू नाम का एक नक्सली, जो अबूझमाड़ डिवीजन का सचिव था, उन्हें बचाना चाहता था। मंगड़ू राम के अनुसार, पांडू उनके लिए भगवान जैसा था। गांव छोड़ने के बाद भी नक्सलियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। ओरछा की सड़क पर उन पर हमला किया गया और फायरिंग भी की गई, लेकिन वे बच गए। नारायणपुर में उनके घर पर भी नक्सली पहुंचे थे, लेकिन उस समय वे वहां नहीं थे क्योंकि उन्हें डॉ. रमन सिंह के रायपुर स्थित आवास पर बुलाया गया था। नक्सली घर के अंदर तक पहुंचे और उनकी तलाश की, लेकिन वे उन्हें नहीं मिले।

गांव से दूर रहते हुए भी मंगड़ू राम ने अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखी। साल 2003 में उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और अपने गांव नहीं गए। एक ग्राम सेवक उनके पास चुनाव का फॉर्म लेकर आए और कहा कि वे फॉर्म भरें, वे उन्हें जिताएंगे। उन्होंने नामांकन दाखिल किया और निर्विरोध चुनाव जीत गए। इसके बाद साल 2019 में उन्होंने फिर चुनाव लड़ा, इस बार उनके सामने चार प्रत्याशी थे, फिर भी वे चुनाव जीत गए। वे प्रचार के लिए गांव नहीं गए थे, बल्कि जहां-जहां बाजार लगता था, वहां जाते थे। बाजार में आसपास के गांवों के लोग आते थे, उन्हीं के बीच जाकर उन्होंने अपने पक्ष में प्रचार किया और लोगों ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें जिताया।

25 साल बाद अपने गांव लौटने के बाद भी मंगड़ू राम को आज भी डर लगता है। उन्होंने बताया कि वे आज भी गांव के अंदर सुरक्षाकर्मियों को साथ लेकर जाते हैं। हाल ही में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनसे उनकी मुलाकात हुई। उन नक्सलियों ने बताया कि वे कई बार उन्हें मारने आए थे और उनकी रेकी भी की थी। उन्होंने कहा कि अगर वे उनके हाथ लग जाते तो वे उनके टुकड़े-टुकड़े कर देते। हर नक्सली और कमांडर के पास उनकी फोटो पहुंचाई गई थी। एक नक्सली महेश, जो 21 साल तक नक्सली संगठन में रहा, उसने बताया कि उसने उन्हें सोनपुर बाजार में देखा था, उस समय उसके साथ कुछ और नक्सली भी थे, लेकिन वे उन्हें पहचान नहीं पाए थे। महेश ने बताया कि पहचानने के बावजूद उस समय वे उन्हें पकड़ नहीं पाए थे।

मंगड़ू राम भाजपा से जुड़े हैं और उन्हें दो सुरक्षा गार्ड मिले हुए हैं। उनका कहना है कि इतने साल से सुरक्षा लेकर चल रहे हैं, इसलिए जिंदा हैं। अगर सुरक्षा हटा दी गई तो खतरा बना रहेगा। उन्होंने गृह मंत्री से हाथ जोड़कर अपील की है कि कम से कम दो साल तक बस्तर में सीआरपीएफ और दूसरी सुरक्षा बलों की तैनाती कम न की जाए। साथ ही, जिन्हें सुरक्षा मिली हुई है, उनकी सुरक्षा भी कम नहीं होनी चाहिए। उनका मानना है कि सरकार भले कह रही है कि नक्सलवाद खत्म हो गया है, लेकिन नक्सली विचारधारा अभी खत्म नहीं हुई है। 40-50 साल से जिन लोगों के अंदर यह विचारधारा है, उसे इतनी जल्दी खत्म नहीं किया जा सकता। उन्हें भरोसा नहीं है कि फोर्स हटने के बाद ये लोग दोबारा हथियार नहीं उठाएंगे, क्योंकि आज भी अंदरूनी इलाकों में ऐसी सोच रखने वाले लोग मौजूद हैं। कई जगहों पर लोग विकास नहीं, विनाश चाहते हैं, नेलांगुर का इलाका भी ऐसा ही है और अर्बन नेटवर्क भी मौजूद हैं।

सशस्त्र नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब अंदरूनी इलाकों में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देने लगा है। पहले गांवों में सड़कें नहीं थीं, स्कूल, आंगनबाड़ी और दूसरी सुविधाएं नहीं थीं। लोग 50 से 70 किलोमीटर दूर जाकर राशन लेते थे। अब उनके गांवों तक राशन दुकानें खुल रही हैं, सड़कें बन रही हैं, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण हो रहा है। धीरे-धीरे गांव विकास की सीढ़ी चढ़ रहे हैं। पहले गांवों में विकास के काम नहीं हो पाते थे, लेकिन अब हथियारबंद नक्सलवाद खत्म होने के बाद सरकारी योजनाएं अंदरूनी इलाकों तक पहुंच रही हैं। यह बदलाव जरूरी है, क्योंकि वहां रहने वाले ग्रामीण भी बेहतर जिंदगी चाहते हैं।

मंगड़ू राम ने गृह मंत्री विजय शर्मा से यह भी कहा कि जिन नक्सलियों ने उनके साथियों और निर्दोष ग्रामीणों की हत्या की है, उन्हें आत्मसमर्पण के बाद पालने से कुछ नहीं होगा, बल्कि उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि ऐसे नक्सलियों को चौराहे पर उल्टा कर टकाया जाए। उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत तकलीफ उठाई है और गांवों में रहने वाले किसानों के दर्द को समझा है, जिनके खेत थे, घर थे, अपनी जमीन थी, लेकिन नक्सलवाद के कारण कई लोग गांव छोड़कर शहरों में आकर बस गए। आज उनकी हालत बहुत खराब हो गई है। जो लोग अपने खेतों में खेती करते थे, वे शहरों में छोटे-मोटी काम करने को मजबूर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button