बरसात के बाद सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी रफ्तार, 672 करोड़ 22 लाख रुपये के 24 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी

बरसात खत्म होने के बाद प्रदेश में सड़क और पुल निर्माण के काम रफ्तार पकड़ेंगे। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख रुपये के 24 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच को सुगम बनाती हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन समेत स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है। 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी गई है।
अरुण साव ने कहा कि बरसात के बाद सभी कार्यों को तत्काल गति दी जाएगी। निर्माण की नियमित निगरानी और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।




