Uncategorized

बालोद में भीषण सड़क हादसा: गेहूं से भरे ट्रक की टक्कर से पिकअप सवार 6 युवकों की मौत, 7 रायपुर रेफर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जगदलपुर नेशनल हाइवे पर मरकाटोला घाट के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गेहूं से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप सवार 6 लड़कों की मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। घटना पुरूर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सेटअप बंधा हुआ था। पिकअप में कुल 13 लड़के सवार थे। शुक्रवार सुबह रायपुर में गणेश विसर्जन के बाद सभी जगदलपुर जा रहे थे। तभी मरकाटोला घाट के पास उनकी गाड़ी खराब हो गई और वे सड़क किनारे खड़े हो गए।

ट्रक के नीचे दबे मिले लड़के बारिश से बचने के लिए पिकअप के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया। कुछ लड़के टक्कर लगने से दूर जा गिरे और घायल हो गए, जबकि कुछ ट्रक के नीचे दबे मिले। पिकअप के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मरकाटोला घाट में यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली और मृतकों व घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाई।

गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में 6 मौतों की पुष्टि की है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। सभी मृतक कवर्धा के रहने वाले हैं। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार है।

धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने दैनिक भास्कर को बताया कि कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी के युवक जगदलपुर में गणेश विसर्जन के दौरान बाजा बजाने जा रहे थे। गाड़ी में 13 लड़के सवार थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। बाकी 7 युवकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साय ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button