कोंडागांव जिले के ग्राम केजंग में एक महिला को सांप ने काट लिया था। जिसके बाद उसे इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। गुरुवार (2 अक्टूबर) को इसी बीच एम्बुलेंस एक नाले में फंस गई। जिससे बात पीड़िता की जान पर बन आई।
.
मामला बयानार थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है एम्बुलेंस करीब एक घंटे तक नाले में ही अटकी रही। इस दौरान परिजन और ग्रामीण वाहन को निकालने का प्रयास करते रहे।
काफी मशक्कत के बाद एम्बुलेंस को नाले से बाहर निकाला जा सका और महिला को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
कुएं से पानी लेने गई थीं तभी सांप ने डसा
जानकारी के मुताबिक, बुधसन सोरी (35 साल) खेत के पास कुएं से पानी लेने गई थीं, तभी उन्हें जहरीले सांप ने डंस लिया। परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई। एंबुलेंस जब तोड़म मार्ग से जिला अस्पताल जा रही थी, तो रास्ते में एक नाले को पार करते समय वाहन फंस गया।
पक्की सड़कों से वंचित है गांव
केजंग और आसपास के कई गांव आज भी पक्की सड़कों से वंचित हैं। बारिश के मौसम में नाले उफान पर होने और कीचड़ के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बाधित होती है।
पुल-पुलियों के निर्माण की मांग
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण प्राथमिकता से किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार विकास के दावे करती है, लेकिन यहां के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
<
