केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मनीष ठाकुर ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का दौरा किया। वे केंद्र सरकार के आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आयोजित आदि सेवा पखवाड़ा के कार्यों का जायजा लेने मोहला पहुंचे थे।
.
इस दौरान उन्होंने मानपुर विकासखंड के ग्राम ख्वासफड़की में आयोजित ग्राम सभा में भाग लिया। यहां उन्होंने विलेज विजन प्लान 2030 के कार्यों का अवलोकन किया और आदि सेवा पखवाड़ा के तहत ग्रामीणों की सहमति से तैयार किए गए विलेज मैप का भी जायजा लिया, जिसका उद्देश्य मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

विलेज विजन प्लान 2030 पर चर्चा
अतिरिक्त सचिव ठाकुर ने उपस्थित जनजातीय लोगों से उनके ग्राम की प्रमुख मांगों और आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विलेज विजन प्लान 2030 के निर्माण पर भी ग्रामीणों से बात की और बताया कि ग्राम सभा का उद्देश्य सभी की सहभागिता से समस्याओं का समाधान और गांव का विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने जनजातीय ग्रामीणों से उनके कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा स्तर, प्रमुख फसल, व्यवसाय, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, विद्युत, रोजगार, वनाधिकार पत्र और पेयजल उपलब्धता जैसी महत्वपूर्ण जानकारी लीं। ग्रामीणों ने बेहतर उपचार हेतु उप स्वास्थ्य केंद्र, सीसी रोड, एनीकट और पशु शेड की मांग की, जिसे ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बेहतर आहार लेने के लिए प्रोत्साहित किया
अतिरिक्त सचिव ने पोषण माह के संबंध में महिलाओं से चर्चा की और बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को बेहतर आहार लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने अटल सुविधा केंद्र का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों से बातचीत की। इस अवसर पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
<
