![]()
किस मांगने पर महिला ने किया इनकार, ऑटो ड्राइवर ने गला दबाकर की हत्या
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो ड्राइवर है। आरोपी ने महिला के किस देने से इनकार करने और दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
.
महिला सब्जी बेचती थी। 25 अक्टूबर को सब्जी बेचने के लिए वो अंबिकापुर गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। रविवार को सोनवाही चौक के पास गढ्ढे में महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। यह मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनवाही चौकी लटोरी की सुरमिला राजवाड़े (37) सब्जी बेचती थी। इसके लिए वो रोज बस से लटोरी से अंबिकापुर जाती थी और रात 9-10 बजे तक घर लौटती थी। सुरमिला जब सोनवाही चौक तक पहुंचती थी। वहां उसका पति हुकुम साय राजवाड़े उसे लेने पहुंचा था। इसके बाद दोनों साथ घर आते थे।
वहीं जब 25 अक्टूबर 2025 को रोज की तरह सुरमिला सब्जी बेचने के लिए सुबह घर से अंबिकापुर के लिए निकली। रात होने पर जब पति हुकुम साय पत्नी सुरमिला को लेने सोनवाही चौक पर पहुंचा। तय समय के बाद जब सुरमिला वापस नहीं लौटी तो हुकुम साय की चिंता बढ़ने लगी। करीब 11.30 बजे तक उसने पत्नी का इंतजार किया।
पत्नी के वापस नहीं लौटने पर घर वापस लौट गया और दूसरे दिन 26 अक्टूबर को उसकी खोजबीन कर रहा था। सुबह करीब 8 बजे उसे पत्नी का शव मिलने की जानकारी मिली।
इसी बीच रविवार को सोनवाही के स्कूल मैदान में खेल रहे बच्चों ने मैदान के बगल में खोदे गए सीपीटी गड्ढे में एक महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों की सूचना पर लटोरी पुलिस चौकी प्रभारी अरूण गुप्ता की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने महिला की शिनाख्त की तो पता चला कि शव सोनवाही निवासी सुरमिला राजवाड़े की है।
पुलिस को जांच के दौरान पौस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने ग्राम सोनवाही के आसपास के इलाके, आने-जाने वाले रास्तों और चौक-चौराहों के दुकानदारों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि महिला आखिरी बार एक ऑटो में बैठकर घर की ओर जा रही थी।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने ऑटो के रंग-रूप और पहचान के अनुसार अंबिकापुर, सूरजपुर, विश्रामपुर और आसपास के इलाकों में कई ऑटो चालकों से पूछताछ की। लोगों से पूछताछ और सबूतों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध ऑटो चालक राहुल कुशवाहा (30) की पहचान की और उसे पकड़ लिया।
राहुल मूल रूप से जिला सरगुजा के ग्राम रजबांध सलका का रहने वाला है और इस समय ग्राम गणेशपुर, थाना जयनगर में रह रहा था।
पुलिस ने जब राहुल से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 25 अक्टूबर की रात वो शराब के नशे में था। वह रात करीब 10:30 बजे अंबिकापुर से लौटते समय सुरमिला राजवाड़े को अपने ऑटो में बैठाकर ला रहा था।
सोनवाही चौक के पास उसने महिला से किस मांगा। उसने किस देने से मनाकर दिया। इसके बाद वो ऑटो से भागने लगी और गड्ढे में जा गिरी। ऑटो ड्राइवर ने वहां उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस पर महिला ने उसका विरोध किया और धमकी दी कि वह अपनी करतूत लोगों को बताएगी, तो उसने गला दबाकर और मारपीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की और जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
<
