रामानुजगंज में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आस्था और भक्ति का माहौल है। नगर में विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं आकर्षक पंडालों में स्थापित की गई हैं। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों द्वारा भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं,
.
इस अवसर पर बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समिति की कलश यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। इसमें नौ देवियों की भव्य झांकियों के साथ पारंपरिक सैला नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

माता रानी की पालकी को नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल और पार्षद सुमित गुप्ता ने श्रद्धापूर्वक अपने कंधों पर उठाया। उनके साथ वार्डवासी भी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। दुर्गा पूजा के लिए इस पंडाल को विशेष रूप से सजाया गया है, जो नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजन की सफलता में पार्षद सुमित गुप्ता, बालेश्वर प्रजापति, विमलेश सिंह, बहादुर सिंह, मोहन ठाकुर, नीतिश ठाकुर सहित पूरे वार्डवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नगर में शारदीय नवरात्र का उल्लास देखते ही बन रहा है, जहां श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
<
