बहन की शिकायत पर कब्र से निकला शव, पोस्टमॉर्टम से खुला हत्या का राज

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद गुस्से में कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति ने खुद को बचाने के लिए पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी गढ़ी। परिजनों ने उसकी बात पर भरोसा कर शव को दफना दिया था, लेकिन मृतिका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसकी शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिससे हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजूरबहार के चौहान पारा में रहने वाले मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) की शादी पार्वती बाई (52) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), जो कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर की निवासी हैं, को फोन कर पार्वती बाई की मौत की सूचना दी। अगले दिन, सीता बाई अपने गांव खजूरबहार पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था।
जब सीता बाई ने इन चोटों के बारे में पूछा, तो मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं और सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। मुखलाल राम की इस बात पर भरोसा करते हुए, परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर 2026 को पार्वती बाई के शव को दफना दिया।
कुछ समय बाद, सीता बाई को अपनी बहन की मौत की परिस्थितियों पर गहरा संदेह हुआ। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की हत्या की गई है और इसमें उनके पति मुखलाल राम का हाथ हो सकता है। अपनी आशंकाओं के आधार पर, सीता बाई ने 20 नवंबर 2026 को कुनकुरी थाने पहुंचकर अपनी बहन की संदिग्ध मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद, कुनकुरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत जांच प्रारंभ की। पुलिस ने मामले से जुड़े गवाहों के बयान दर्ज किए और सभी वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, मजिस्ट्रेट की अनुमति से कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने स्पष्ट रूप से बताया कि पार्वती बाई की मौत की प्रकृति ‘हत्यात्मक’ थी, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में मिले अन्य तथ्यों के आधार पर, पुलिस ने मुखलाल राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी मुखलाल राम को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी मुखलाल राम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी पार्वती बाई के चरित्र पर शक करता था। 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12: 30 से 1 बजे के बीच उसने अपनी पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात पर वह गुस्से में आग बबूला हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी के पासा (कुंद) वाले हिस्से से पार्वती बाई के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती बाई की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि पत्नी की हत्या के बाद उसने खुद को बचाने के लिए उसके खाट से गिरने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




