Uncategorized

रायपुर में आधी रात तक चली महादेव ऐप केस की सुनवाई, वकील हिमांशु शेखर ED रिमांड पर

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट ने वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड पर सौंप दिया है। ईडी ने हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और बाद में हवाला के जरिए किस्तों में बड़ी रकम लेने का आरोप लगाया है। ईडी का दावा है कि हिमांशु प्रमोटरों को आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देता था और कहता था कि ‘बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से’।

इस हाईप्रोफाइल मामले में सुनवाई के लिए रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट आधी रात तक खुली रही। 23 नवंबर की रात 10.45 बजे सुनवाई शुरू हुई और ईडी तथा बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आदेश दिया। पूरी सुनवाई के बाद रात करीब 1 बजे, यानी 24 नवंबर की तारीख लगने के बाद कोर्ट बंद हुई। रायपुर के न्यायिक इतिहास में यह पहली बार हुआ कि पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में इस तरह देर रात तक सुनवाई चली। ईडी के अधिकारी हिमांशु शेखर को 23 नवंबर की रात 10 बजे कोर्ट में पेश किया था। ईडी की ओर से सौरभ पान्डेय ने पैरवी की, वहीं हिमांशु की ओर से फैजल रिजवी ने पक्ष रखा। दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा।

ईडी के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने 15 नवंबर को दिए अपने बयान में बताया कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी चल रही थी। इसी दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने हर्षवर्धन से मदद मांगी, जिसके बाद दुबई में महादेव बुक के प्रमोटरों की हिमांशु से मुलाकात कराई गई। ईडी के अनुसार, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई इस बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे। सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया कि हिमांशु ने महादेव बुक और प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले अक्टूबर में 15 करोड़ रुपए लेने की बात कही।

ईडी ने अपने रिमांड एप्लीकेशन में सौरभ चंद्राकर के बयान के हवाले से कहा है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उसकी जज और वकीलों से बात हो चुकी है। उसने कथित तौर पर कहा था- ‘बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से। ‘ अर्जी के मुताबिक, हिमांशु ने कुछ रकम लेने के अलावा अदालत में कुछ ऐसी बातें भी रखीं, जिनसे प्रमोटरों को यह भरोसा हो सके कि उनकी बताई व्यवस्था के मुताबिक काम हो रहा है। ईडी की रिमांड एप्लीकेशन में 18 नवंबर को दर्ज सौरभ चंद्राकर के बयान का एक और अहम हिस्सा बताया गया है, जिसमें गिरिश तलरेजा का जिक्र है। सौरभ के मुताबिक, गिरिश तलरेजा ऑनलाइन सट्टा साइट Lotus365.com में प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ हो गया था। सौरभ ने बताया कि गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन की जानकारी प्रमोटरों ने दुबई में मौजूद हिमांशु को दी थी। इसके तीसरे दिन जब गिरिश भोपाल के एक होटल में ठहरा था, तब हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों से कहा कि आज गिरिश गिरफ्तार होगा। उसी दिन उन्हें गिरिश की ईडी द्वारा गिरफ्तारी की खबर मिली। सौरभ ने अपने बयान में इस घटनाक्रम को हिमांशु का प्रमोटरों के लिए किया गया सबसे अहम काम बताया। ईडी के मुताबिक, हिमांशु ने प्रमोटरों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें कुछ गोपनीय जानकारियां भी दी थीं।

सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली। उसने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद दी गई। कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई। ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें ‘Mumbai Hawala Raju Bhai’, ‘Wasem’ और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं। एक दूसरे नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने की बात कही गई है। इसके साथ ‘7 months plan’ भी लिखा है। ईडी इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क का पता लगाना चाहती है।

ईडी ने अपने रिमांड एप्लीकेशन में बताया कि हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन की जांच में 473 एमबी का एक वीडियो मिला है, जिसके प्रीव्यू पर ‘MAHADEV BOOK’ लिखा था। फोन में 30 अक्टूबर 2023 नाम की वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप भी मिलने का उल्लेख है। फोन में सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग कॉन्टैक्ट सेव होने की बात भी सामने आई है। ईडी के मुताबिक, सौरभ के बयान में हिमांशु का नाम आने के अगले दिन 16 नवंबर को ‘Shekhar Iphone’ नाम से सेव नंबर के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट में एक मैसेज डिलीट किया गया था। बाद में पूरे व्हाट्सऐप डेटाबेस की जांच में पता चला कि मैसेज 22: 44: 13 बजे भेजा गया था और सात सेकंड बाद उसे सभी के लिए डिलीट कर दिया गया। 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद फोन पर कुछ एसएमएस भी मिले। इनमें ‘Just say you were is only the lawyer deny everything’ और ‘They will release today thoda bahut puch ke’ जैसे संदेश शामिल हैं। ईडी ने दूसरे आईफोन का पासकोड नहीं मिलने और उसके फैक्ट्री रीसेट होने की बात को भी जांच का हिस्सा बनाया है।

ईडी ने कोर्ट को बताया कि हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड का भी जिक्र है। ईडी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर थे। कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया। ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने वाले मैसेज का भी उल्लेख किया है। 9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस होने की बात अर्जी में कही गई है। एजेंसी इन रकमों का सोर्स जानना चाहती है।

ईडी ने हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि वह 21 अक्टूबर 2023 को दिल्ली से दुबई गया और 25 अक्टूबर को मुंबई लौटा। इसके बाद 28 अक्टूबर को फिर दिल्ली से रवाना हुआ और 3 नवंबर को मुंबई लौटा। दूसरी यात्रा में वकील सुमित कोचर भी उसी दिन फ्लाइट से रवाना हुए थे। दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने विदेश की 9 और यात्राएं कीं। इनमें 7 यात्राएं दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हुईं। ईडी ने इन यात्राओं को सौरभ के उस बयान से जोड़ा है, जिसमें इसी अवधि में किस्तों में रकम देने की बात कही गई है।

ईडी की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। उसने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिले थे। ईडी के मुताबिक, उसने 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों के आरोपों का हिसाब नहीं दिया। ईडी ने कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद अब हिमांशु से रकम के सोर्स, हवाला नेटवर्क, नोट्स में लिखे नामों, डिजिटल डेटा और अन्य सट्टा ऐप्स, जैसे स्काईएक्सचेंज से संभावित संबंधों के बारे में पूछताछ करने की तैयारी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button