Uncategorized

छत्तीसगढ़ का बजट 5, 500 करोड़ से बढ़कर पौने दो लाख करोड़ हुआ, विकास यात्रा का प्रमाण

जशपुरनगर, 02 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय के रणजीता स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्योत्सव समारोह उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जो महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को रेखांकित करती है।

समाचार फोटो

समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने गठन के 26 वर्षों में विकास के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है। प्रदेश ने आज कृषि, आवास, स्वास्थ्य, सड़क और रेल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिला भी विकास की नई संभावनाओं की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

जायसवाल ने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। प्राकृतिक संपदा, खनिज संसाधनों, वन संपदा और मेहनतकश किसानों से समृद्ध होने के बावजूद उस समय प्रदेश आर्थिक एवं विकास संबंधी चुनौतियों से जूझ रहा था। मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश का बजट लगभग 5,500 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर पौने दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो प्रदेश की विकास यात्रा और बदलती आर्थिक तस्वीर का प्रमाण है।

समाचार फोटो

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल धान के कटोरे के रूप में ही नहीं, बल्कि समृद्ध खनिज संपदा और सांस्कृतिक विरासत वाले प्रदेश के रूप में भी है। माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान है। जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिलने का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब इन क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

जशपुर जिले की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि एक समय जिले में सड़कों और पुल-पुलियों की कमी के कारण आवागमन में काफी कठिनाइयां होती थीं, लेकिन अब आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने मधेश्वर महादेव, ईब नदी, नागलोक और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध जशपुर की धरती को भगवान गहिरा गुरु, अवधूत भगवान राम जी और कुमार दिलीप सिंह जूदेव जैसी महान विभूतियों की कर्मस्थली बताया। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का इसी जिले से होना भी जशपुर के लिए गौरव का विषय है।

समाचार फोटो

मंत्री जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रदेश को एक साथ पांच मेडिकल कॉलेज मिलना बड़ी उपलब्धि है और जिले में भी मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नर्सिंग शिक्षा के साथ छात्राओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए आईआईटी के पूर्व विद्यार्थियों से जुड़े संस्थान के साथ सरकार ने एमओयू किया है।

इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय, उपेंद्र यादव, ओम प्रकाश सिन्हा, सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समाचार फोटो

समाचार फोटो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button