भिलाई स्टील प्लांट का स्क्रैप छिपाने के आरोप में गोदाम संचालक जेल में, मैनेजर पहले ही भेजा जा चुका है

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की रेल पटरी और बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिलने के मामले में जामुल पुलिस ने कबाड़ी गोदाम के संचालक सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय (65) को गिरफ्तार किया है। शनिवार, 17 अक्टूबर को उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। गोदाम से 18 टन से ज्यादा कबाड़ सामग्री मिली है। पुलिस इसकी खरीद, स्रोत और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
13 अक्टूबर को विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर कबाड़ी गोदाम में BSP का लोहा मिलने की जानकारी साझा की थी। इसके बाद पुलिस ने शंकर नगर, छावनी स्थित पांडे कबाड़ी के गोदाम में छापा मारकर लोहे के एंगल, तार जाली और अन्य स्क्रैप जब्त किया था। पुलिस की जांच में 20 लोहे के एंगल और तार जाली के दो बंडलों का संबंध जामुल थाने में पहले से दर्ज चोरी के मामले से मिला। गोदाम में रेल पटरी का एक टुकड़ा, लोहे का सरिया, क्वाइल और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। हालांकि, रेल पटरी और बाकी कबाड़ किस जगह से लाया गया था, इसकी जांच अभी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम में चोरी का स्क्रैप छिपाकर रखने की सूचना मिलने पर टीम ने छापा मारा था। वहां एंगल, तार जाली और दूसरी सामग्री मिलने के बाद मैनेजर नरसिंह यादव से पूछताछ की गई। चोरी की संपत्ति का पुराने मामले से मिलान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मैनेजर से पूछताछ और जांच में मिली जानकारी के आधार पर गोदाम संचालक सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जामुल पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र से लोहे के एंगल और तार जाली चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने कर्मचारियों के साथ इन क्षेत्रों से लोहे के एंगल और तार जाली चोरी करने के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने इस पुराने मामले में भी सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस को लोहे की सामग्री काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान भी मिले। जब्त सामग्री में गैस कटिंग नोजल, तीन तौल मशीनें, ऑक्सीजन गैस के आठ सिलेंडर, एलपीजी के चार सिलेंडर और लोहे की क्वाइल के चार बंडल शामिल हैं। इसके अलावा एल्युमिनियम की पट्टी, चमकीली धातु की चार बोरियां और कैलकुलेटर भी मिले हैं। पुलिस ने टाटा-एस पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 BR 3212 भी जब्त किया है।
गोदाम से मिली रेल पटरी के टुकड़े, सरिया और 18 टन से ज्यादा अन्य लोहे के कबाड़ के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गोदाम से ‘सेल’ लिखा रेल पटरी का एक टुकड़ा मिला है। हालांकि, फिलहाल इसे किसी विशेष चोरी की घटना से जुड़ा होने की पुष्टि नहीं की गई है। इसी तरह गोदाम से बरामद अन्य कबाड़ की खरीद, परिवहन और स्वामित्व से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय तिरंगा चौक, छावनी, थाना जामुल क्षेत्र का निवासी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका और बरामद सामग्री के स्रोत की पड़ताल जारी है।



