Uncategorized

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को दो दिवसीय रोजगार मेला, 85 कंपनियों के 11,500 से अधिक पदों पर भर्ती

राज्य में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को अवसर मिलेगा। दसवीं-बारहवीं पास से लेकर आइटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और एमबीए-एमसीए युवाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरियां उपलब्ध रहेंगी। चयनित युवाओं को मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा दो दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। रायपुर में सहायक संचालक केदार पटेल ने बताया कि अब तक 85 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 11,500 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी मिली है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, जिससे उपलब्ध अवसरों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

इस मेले के माध्यम से स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को एक मंच पर लाया जा रहा है। रोजगार मेले के लिए क्वेस कार्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक जैसी कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआइआइटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट भी इनमें शामिल हैं।

रोजगार मेले की आवेदन और चयन प्रक्रिया को आसान बनाने ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इच्छुक युवा www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और योग्यता अनुसार आवेदन कर सकते हैं। युवाओं का पंजीयन सात अक्टूबर तक होगा।

पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की रिक्तियां प्रदर्शित की गई हैं। अभ्यर्थियों को मेले से पहले ही नौकरी के विकल्प चुनने का मौका है। वहीं, नियोजक पोर्टल पर उम्मीदवारों की प्रोफाइल और आवेदन देखकर जरूरत के अनुसार प्रारंभिक चयन भी कर सकते हैं।

रोजगार मेले में दसवीं-बारहवीं पास से लेकर आइटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि व सामान्य स्नातक और एमबीए-एमसीए सहित स्नातकोत्तर युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं। तकनीकी क्षेत्र में मशीन आपरेटर, असेंबली आपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मीटर टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और गुणवत्ता निरीक्षक के पद हैं।

इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों पर भी भर्ती होगी। बैंकिंग, फाइनेंस और एचआर क्षेत्र में अवसर मिलेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ व केयरटेकर, सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड व सुपरवाइजर और परिवहन में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पद भी शामिल हैं।

राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर दिलाने का प्रयास है। यह बात कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button